विश्व रक्तदाता दिवस पर दतिया ग्राम में रक्तदान शिविर का आयोजन, 10 यूनिट रक्त संग्रह।
खूंटी - विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर खूंटी नगर पंचायत के वार्ड संख्या-4 अंतर्गत दतिया ग्राम में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ वार्ड पार्षद हेमंती कुमारी एवं सदर अस्पताल खूंटी के उपाधीक्षक डॉ. आनंद किशोर उरांव द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। अपने संबोधन में डॉ.आनंद किशोर उरांव ने कहा कि आज पूरा विश्व रक्तदाता दिवस मना रहा है। उन्होंने बताया कि देश में प्रतिवर्ष औसतन 1.4 करोड़ यूनिट रक्त संग्रह की आवश्यकता पड़ती है, वहीं खूंटी जिले में प्रत्येक माह लगभग 450 यूनिट रक्त की जरूरत होती है। यह रक्त थैलीसीमिया, सिकल सेल से पीड़ित मरीजों, गर्भवती महिलाओं एवं सड़क दुर्घटना में घायल मरीजों के उपचार में उपयोगी होता है।
उन्होंने वार्ड पार्षद हेमंती कुमारी की इस प्रेरणादायक पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज के सभी संगठनों को इसी प्रकार रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए, ताकि जरूरतमंद लोगों को रक्त की आवश्यकता पड़ने पर बाहर न जाना पड़े। उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि “रक्तदान महादान है। रक्तदान से शरीर में किसी प्रकार की कमजोरी नहीं होती है। आपके द्वारा दिया गया एक यूनिट रक्त तीन लोगों को नई जिंदगी दे सकता है।” वार्ड पार्षद हेमंती कुमारी ने कहा कि दतिया ग्राम लगातार अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए जनकल्याण के लिए इस प्रकार के शिविरों का आयोजन करता रहा है। उन्होंने कहा कि आगे भी ग्राम संगठन दतिया द्वारा समय-समय पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि जरूरतमंद लोगों को रक्त की कमी का सामना न करना पड़े। समाजसेवी एवं जिले के प्रमुख अधिवक्ता केदार महतो ने कहा कि ग्राम संगठन द्वारा खूंटी रक्त केंद्र के सहयोग से आगे भी नियमित रूप से ऐसे शिविर आयोजित कर रक्त संग्रह किया जाएगा, जिससे थैलीसीमिया पीड़ित मरीजों का समय पर उपचार सुनिश्चित हो सके। उन्होंने उपस्थित युवाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित किया तथा स्वयं सबसे पहले रक्तदान कर सकारात्मक एवं प्रेरणादायक संदेश दिया। काउंसलर निशांत झा ने रक्तदान के विभिन्न लाभों की जानकारी देते हुए युवाओं को उचित परामर्श एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। शिविर में कुल 10 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। रक्तदान करने वालों में केदार महतो, हरिसिंह पाहन, सुनील मुंडा, निखिल महतो, उमेश कश्यप, मुकेश कुमार, राजेश कुमार, स्वयं साहू, रितेश कुमार एवं शिव कुमार शामिल रहे।
शिविर को सफल बनाने में रक्त केंद्र के सुशांत कुमार, पूनम भेंगरा एवं सुनीता देवी सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रिपोर्टर - शहीद अंसारी
No Previous Comments found.