15 जून 2026। संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा प्रतिवर्ष 15 जून को मनाए जाने वाले विश्व वरिष्ठ नागरिक दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस
खूँटी : संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा प्रतिवर्ष 15 जून को मनाए जाने वाले विश्व वरिष्ठ नागरिक दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस (World Elder Abuse Awareness Day) के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), खूँटी के तत्वावधान में पिपराटोली टोली स्थित वृद्धाश्रम में विधिक जागरूकता एवं आउटरीच शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नालसा (जागृति) योजना, 2025 के अंतर्गत जून माह की निर्धारित थीम "वरिष्ठजन अधिकार, सशक्तिकरण और गरिमा" के अनुरूप आयोजित किया गया।
यह शिविर माननीय अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खूँटी सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रसिकेश कुमार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सचिव कमलेश बेहरा, चीफ विधिक सहायता रक्षा परामर्शी (एलएडीसी) राजीव कमल, सहायक हरीश कुमार तथा वृद्धाश्रम में प्रतिनियुक्त पारा विधिक स्वयंसेवकों (पीएलवी) ने भाग लिया।
शिविर के दौरान वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों से व्यक्तिगत संवाद स्थापित कर उनकी स्वास्थ्य, कल्याण एवं विधिक अधिकारों से जुड़ी आवश्यकताओं की जानकारी ली गई। वर्तमान में आश्रम में कुल 28 वरिष्ठ नागरिक निवासरत हैं, जिनमें 19 महिलाएं शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि आश्रम परिसर में संचालित अटल क्लिनिक पूर्ण रूप से कार्यरत है तथा एक नर्स की नियमित प्रतिनियुक्ति के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों को माता-पिता एवं वरिष्ठ,नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007 के तहत प्राप्त अधिकारों, भरण-पोषण की व्यवस्था, विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं एवं नि:शुल्क विधिक सहायता संबंधी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें यह भी बताया गया कि किसी भी प्रकार की समस्या या अधिकारों के हनन की स्थिति में वे जिला विधिक सेवा प्राधिकार से सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
शिविर के दौरान किसी भी आश्रमवासी ने अपनी कुशल-क्षेम अथवा अन्य किसी समस्या को लेकर कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई। इसके बावजूद वृद्धाश्रम में प्रतिनियुक्त पारा विधिक स्वयंसेवकों को निर्देश दिया गया कि वे नियमित रूप से आश्रमवासियों की समस्याओं को सुनें तथा उनके समाधान हेतु उन्हें डालसा खूँटी के फ्रंट ऑफिस के समक्ष प्रस्तुत करें।
इस अवसर पर सचिव कमलेश बेहरा ने कहा कि नालसा (जागृति) योजना, 2025 का उद्देश्य समाज के हाशिये पर स्थित एवं संवेदनशील वर्गों तक विधिक साक्षरता पहुंचाना तथा उन्हें न्याय तक सुलभ पहुंच उपलब्ध कराना है। जून माह की थीम "वरिष्ठजन अधिकार, सशक्तिकरण और गरिमा" के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, सम्मान, अधिकारों एवं न्याय तक पहुंच सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया जा रहा है।जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खूँटी ने पुनः अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि जिले के सभी वरिष्ठ नागरिकों, कमजोर एवं वंचित वर्गों को न्याय, गरिमा और विधिक संरक्षण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे। वृद्धाश्रम में आयोजित यह जागरूकता शिविर इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
कमलेश बेहरा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खूँटी
रिपोर्टर : शहीद अंसारी
No Previous Comments found.