वार्ड संख्या-1 में रक्तदान शिविर आयोजित, 11 यूनिट रक्त संग्रह
खूंटी : सदर अस्पताल खूंटी स्थित रक्तदान केंद्र के तत्वावधान में खूंटी नगर पंचायत के वार्ड संख्या-1 स्थित उर्दू स्कूल में मंगलवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन वार्ड पार्षद दिनेश कुमार महतो की अगुवाई में किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया। शिविर का उद्घाटन नगर पंचायत अध्यक्ष रानी टूटी, उपाध्यक्ष शशांक शेखर एवं वार्ड पार्षद दिनेश कुमार महतो ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने कहा कि जिले में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी 18 जुलाई तक वार्डवार रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और स्वैच्छिक रक्तदान कर इस जनहितकारी अभियान से जुड़ने की अपील की। सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. आनंद किशोर उरांव ने कहा कि सामुदायिक स्तर पर रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने में नगर पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों की भूमिका सराहनीय है। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से जिले के थैलेसीमिया पीड़ित मरीजों, गर्भवती महिलाओं तथा सड़क दुर्घटना के घायलों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सकेगा। उन्होंने इस पहल के लिए नगर पंचायत का आभार व्यक्त किया। वार्ड पार्षद दिनेश कुमार महतो ने कहा कि वार्ड संख्या-1 हमेशा सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में अग्रणी रहा है और भविष्य में भी जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने के लिए वार्ड के लोग सदैव सहयोग के लिए तैयार रहेंगे। रक्त केंद्र के काउंसलर निशांत झा ने बताया कि जिले में सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थाओं के सहयोग से लगातार रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक किया जा रहा है तथा रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को परामर्श के माध्यम से दूर किया जा रहा है। शिविर में कुल 11 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। रक्तदान करने वालों में फहीम अंसारी, नसीम अख्तर, रंजीत कुमार, जुबेदा खातून, किश खान, रहमत आलम, अमजद अंसारी, वसीम अकरम सहित अन्य लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी
No Previous Comments found.