गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर परीक्षा परिणाम पर दिया जोर

 खूंटी : खूंटी के उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय खूंटी एवं मुख्यमंत्री उत्कृष्ट कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय कर्रा का निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों, आधारभूत सुविधाओं एवं पठन-पाठन व्यवस्था की समीक्षा की तथा संबंधित पदाधिकारियों एवं शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सर्वप्रथम उपायुक्त ने जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय खूंटी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में शिक्षकों की उपस्थिति, छात्र-छात्राओं की संख्या, पठन-पाठन की स्थिति, विभिन्न कक्षाओं के संचालन, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने शिक्षकों के साथ संवाद कर शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने वर्ष में कम से कम चार बार पेरेंट्स-टीचर मीटिंग (PTM) आयोजित करने का निर्देश दिया तथा कहा कि ऐसे विद्यार्थियों की पहचान की जाए जो पढ़ाई में अपेक्षाकृत कमजोर हैं और उनके अभिभावकों को नियमित रूप से उनकी प्रगति एवं चुनौतियों की जानकारी दी जाए। उन्होंने पेरेंट्स-टीचर मीटिंग में वरीय पदाधिकारियों को भी टैग कर सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने शिक्षकों को कमजोर विद्यार्थियों के लिए योजनाबद्ध रणनीति बनाकर अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग प्रदान करने तथा प्रत्येक बच्चे के सीखने के स्तर में सुधार लाने के लिए विशेष प्रयास करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।
पूर्व परीक्षाओं के परिणामों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी विषयों के पाठ्यक्रम को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने शिक्षकों से विद्यालय संचालन से संबंधित समस्याओं की जानकारी भी ली तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण के लिए आवश्यक सुझाव दिए। साथ ही उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत करने का निर्देश दिया, ताकि अन्य विद्यार्थी भी प्रेरित होकर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
उपायुक्त ने विद्यालय में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने, समय पर कक्षाओं का संचालन करने तथा अनुशासित एवं सकारात्मक शिक्षण वातावरण बनाए रखने पर बल दिया।
इसके पश्चात उपायुक्त ने मुख्यमंत्री उत्कृष्ट कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय कर्रा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नामांकित छात्राओं की संख्या, उपस्थिति पंजी, विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, मेनू के अनुरूप भोजन व्यवस्था, सीसीटीवी, शिक्षकों की उपलब्धता एवं उपयोगिता, पुस्तकालय सहित अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया कि सीबीएसई बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रही छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए तथा समय पर पाठ्यक्रम पूर्ण कराया जाए, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई न हो और परीक्षा परिणाम में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जा सके।
उपायुक्त ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्रदान करने का केंद्र नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण एवं भविष्य संवारने का महत्वपूर्ण माध्यम है। सभी संबंधित पदाधिकारी एवं शिक्षक समन्वित रूप से कार्य करते हुए बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर मार्गदर्शन एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश, जिला शिक्षा अधीक्षक अभय कुमार शील, प्रखंड विकास पदाधिकारी कर्रा स्मिता नागेशिया समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.