राधेश्याम हत्याकांड मामले में तीन हत्यारोपी गिरफ्तार।

खूँटी - पुलिस ने 15 जून को हुई राधेश्याम साहू हत्याकांड मामले का खुलासा करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। राधेश्याम साहू की हत्या विगत 15 जून को उसके घर से अगवा कर की गई थी। गिरफ्तार तीन आरोपियों में किशुनपुर रानियां थाना क्षेत्र की 40 वर्षीय महिला लक्ष्मी देवी, उसका 18 वर्षीय बेटा रविन्द्र मांझी और उसका 26 वर्षीय दोस्त संदीप मांझी शामिल है। पुलिस ने हत्याकांड में प्रयुक्त डंडा, 2 मोबाइल, मृतक का एक मोबाइल, स्कूटी और अन्य सामग्री बरामद किया गया। इस हत्याकांड की मास्टरमाइंड महिला लक्ष्मी देवी बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार लक्ष्मी देवी के इशारे पर उसके पहले पति से हुए पुत्र रविन्द्र मांझी ने एक अन्य युवक संदीप मांझी के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। दोनों आरोपियों ने मृतक राधेश्याम के डीगरी स्थित घर पर जाकर उसके साथ मारपीट की और फिर उसकी ही स्कूटी से अगवा कर लिया। इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई।

हत्या के बाद शव को दुर्घटना का रूप देने के उद्देश्य से ताम्बा जंगल में सड़क किनारे फेंक दिया गया और उसके ऊपर स्कूटी गिरा दी गई, ताकि किसी को हत्या का संदेह न हो। इधर पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी और अनुसंधान के दौरान जो तथ्य सामने आए, उसमें राधेश्याम के साथ रह रही लक्ष्मी देवी ही इस हत्याकांड की मास्टरमाइंड निकली।

गिरफ्तार आरोपी लक्ष्मी देवी ने पूछताछ में बताया कि राधेश्याम अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। वह उसके साथ नहीं रहना चाहती थी, लेकिन राधेश्याम उसे बार-बार अपने घर ले आता था। इस बात की जानकारी उसने अपने पहले पति से हुए 18 वर्षीय पुत्र रविन्द्र मांझी को दी। इसके बाद रविन्द्र मांझी ने संदीप मांझी के साथ मिलकर राधेश्याम के साथ मारपीट की और फिर उसकी ही स्कूटी से उसे ताम्बा जंगल की ओर ले गया, जहां उसकी हत्या कर दी गई। बाद में शव के ऊपर स्कूटी फेंककर दोनों फरार हो गए। पुलिस ने तकनीकी सहायता के आधार पर मामले का अनुसंधान करते हुए मुख्य अभियुक्त लक्ष्मी देवी, रविन्द्र मांझी और संदीप मांझी को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि विगत 15 जून को रनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत तांबा जंगल के पास राधेश्याम साहू नामक व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा अनुसंधान किया गया। छापामारी टीम में तोरपा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार सिंह, तोरपा अंचल पुलिस निरीक्षक मोहन कुमार, रनियां थाना प्रभारी श्यामल कुंभकर, कुलदीप रोशन बारी, अशोक कुमार महतो और रनियां थाना सशस्त्र बल शामिल थी।

 रिपोर्टर - शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.