राहुल गांधी जी के जन्मदिवस पर फलदार पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश

रांची-भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जी के जन्मदिवस के अवसर पर खूँटी जिला युवा कांग्रेस द्वारा पर्यावरण संरक्षण को समर्पित कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला अध्यक्ष आमिर हुसैन के निर्देशन में बिरसा कॉलेज परिसर में फलदार पौधों का रोपण कर हरित भारत एवं स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला महासचिव नवाज़ अंसारी ने की।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष आमिर हुसैन ने कहा कि राहुल गांधी जी का सार्वजनिक जीवन सामाजिक न्याय, युवाओं के सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण तथा आमजन के हितों के लिए समर्पित रहा है। उनके जन्मदिवस को सेवा और जनकल्याण के कार्यों से जोड़ते हुए फलदार पौधों का रोपण किया गया, जिससे पर्यावरण संतुलन के साथ-साथ भविष्य की पीढ़ियों को भी लाभ मिल सके।

उन्होंने आगे कहा कि आज के समय में पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पौधारोपण जैसे प्रयास समाज को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में विशेष रूप से जिला सचिव मो. साजिद आलम, जिला उपाध्यक्ष संजीत नायक, जिला उपाध्यक्ष उस्मान ख़ान, मीडिया प्रभारी अनमोल धन, जिला सचिव विष्णु, महासचिव बाहा मुंडा, तोरपा प्रखंड अध्यक्ष सत्यदेव कंसारी, आदिल (गोकुल) सहित युवा कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस दौरान वक्ताओं ने राहुल गांधी जी के विचारों, उनके संघर्ष और युवाओं के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पर अपने विचार रखे। सभी ने एक स्वर में कहा कि राहुल गांधी जी देश के युवाओं, किसानों, मजदूरों एवं वंचित वर्गों की आवाज मजबूती से उठा रहे हैं और युवा कांग्रेस उनके विचारों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

कार्यक्रम का समापन संगठन की एकजुटता, आपसी भाईचारे और सामाजिक न्याय के संकल्प के साथ किया गया। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा जनता की सेवा में निरंतर सक्रिय रहने का संकल्प लिया।

शहीद अंसारी खूंटी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.