मिशन परिवार विकास अभियान के प्रथम चरण का शुभारंभ, जागरूकता रथ रवाना

खूंटी : खूंटी, 22 जून 2026: सदर अस्पताल खूंटी परिसर में मिशन परिवार विकास अभियान के प्रथम चरण का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. ललित रंजन पाठक एवं जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. शोभा किस्पोट्टा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रथ को रवाना किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन डॉ. ललित रंजन पाठक ने कहा कि परिवार नियोजन से न केवल परिवार को लाभ मिलता है, बल्कि मातृ मृत्यु दर में भी कमी आती है तथा मातृत्व स्वास्थ्य बेहतर होता है। उन्होंने बताया कि आगामी तीन महीनों तक मिशन परिवार विकास अभियान के तहत सहिया एवं स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा योग्य दंपत्तियों का सर्वेक्षण किया जाएगा तथा उन्हें परिवार नियोजन की विभिन्न विधियों से जोड़ा जाएगा। साथ ही लैप्रोस्कोपी विधि के माध्यम से बंध्याकरण एवं नसबंदी के लिए प्रखंडवार शिविर भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे जिले की कुल प्रजनन दर संतुलित रह सके।
जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. शोभा किस्पोट्टा ने कहा कि नियोजित परिवार ही स्वस्थ एवं सुखी परिवार की आधारशिला है। दो बच्चों के बीच उचित अंतराल रखने से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य बेहतर होता है। उन्होंने मिशन परिवार विकास अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी सहिया एवं स्वास्थ्यकर्मियों से निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने का आह्वान किया।
जिला कार्यक्रम प्रबंधक कानन बाला तिर्की ने बताया कि जागरूकता रथ जिले के चिन्हित क्लस्टरवार गांवों का भ्रमण कर परिवार नियोजन संबंधी जानकारी का प्रचार-प्रसार करेगा तथा लोगों को जागरूक बनाएगा।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक कानन बाला तिर्की, जिला लेखा प्रबंधक विकास सिंह, जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ. उदयन शर्मा, जिला डाटा प्रबंधक श्वेता सिंह, डीजीएमयू कोऑर्डिनेटर, काउंसलर निशांत झा, ऊषा रानी मुंडू, किरण देवी सहित अनेक लोग उपस्थित थे।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.