बिरसा कॉलेज की मूलभूत सुविधाओं एवं छात्र सुरक्षा को लेकर ABVP ने सौंपा ज्ञापन, 7 दिनों में कार्रवाई की मांग
खूंटी : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP), खूंटी जिला इकाई द्वारा बिरसा कॉलेज, खूंटी में व्याप्त छात्रहित से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, मूलभूत सुविधाओं की कमी एवं छात्र सुरक्षा के महत्वपूर्ण विषयों को लेकर आज प्रभारी प्राचार्य डॉ. चंद्र किशोर भगत को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन जिला संयोजक हिरंजली हेमरॉम के नेतृत्व में सौंपा गया, जबकि इस अवसर पर ABVP के प्रदेश मंत्री प्रकाश टुटी की विशेष उपस्थिति रही।
ज्ञापन के माध्यम से परिषद ने महाविद्यालय में छात्रों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि एक शैक्षणिक संस्थान केवल शिक्षा का केंद्र नहीं होता, बल्कि विद्यार्थियों के सुरक्षित एवं सर्वांगीण विकास का आधार भी होता है। ऐसे में सुरक्षा, स्वच्छता एवं आवश्यक सुविधाओं की अनदेखी किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं की जा सकती।
ABVP ने हाल ही में देश के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों एवं कोचिंग केंद्रों में हुई अग्निकांड की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि लखनऊ के एक कोचिंग संस्थान में आग लगने की घटना में 14 विद्यार्थियों की मृत्यु ने पूरे देश को झकझोर दिया है। यह घटना सभी शैक्षणिक संस्थानों के लिए चेतावनी है कि छात्र सुरक्षा से जुड़े विषयों पर केवल कागजी व्यवस्था नहीं, बल्कि धरातल पर प्रभावी प्रबंधन होना चाहिए।
परिषद ने ज्ञापन में मांग की कि बिरसा कॉलेज परिसर में उपलब्ध अग्निशामक यंत्रों की स्थिति की तत्काल जांच कराई जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि वे आपातकालीन परिस्थितियों में उपयोग योग्य हैं। साथ ही महाविद्यालय के बहुद्देशीय भवन एवं अन्य भवनों में स्थापित अग्निशामक उपकरणों की तकनीकी जांच कर उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित की जाए। परिषद ने यह भी मांग रखी कि महाविद्यालय प्रशासन यह स्पष्ट करे कि अग्निशामक यंत्रों के संचालन का प्रशिक्षण किन-किन कर्मचारियों अथवा सुरक्षा कर्मियों को दिया गया है। यदि प्रशिक्षण नहीं दिया गया है तो तत्काल फायर सेफ्टी प्रशिक्षण एवं मॉक ड्रिल आयोजित की जाए।
ज्ञापन में महाविद्यालय की अन्य मूलभूत समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। परिषद ने कहा कि विद्यार्थियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, किंतु कई स्थानों पर पेयजल व्यवस्था संतोषजनक नहीं है। छात्र एवं छात्राओं के शौचालयों की नियमित सफाई, पानी की उपलब्धता एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने की भी मांग की गई।
इसके अतिरिक्त परिषद ने लंबे समय से बंद पड़े कंप्यूटर कक्ष को पुनः प्रारंभ करने, पुस्तकालय में दैनिक समाचार पत्र, रोजगार समाचार एवं प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पत्र-पत्रिकाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने, छात्र-छात्राओं के लिए कॉमन रूम को व्यवस्थित एवं सक्रिय करने तथा महाविद्यालय परिसर में नियमित साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की।
ज्ञापन सौंपते हुए जिला संयोजक हिरंजली हेमरॉम ने कहा कि विद्यार्थी परिषद लगातार छात्रहित के विषयों को रचनात्मक एवं लोकतांत्रिक तरीके से प्रशासन के समक्ष उठाती रही है। दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह है कि पूर्व में भी कई बार विभिन्न समस्याओं को लेकर महाविद्यालय प्रशासन को अवगत कराया गया, किंतु अधिकांश समस्याओं का समाधान आज तक नहीं हो पाया है। परिषद का उद्देश्य किसी प्रकार का टकराव नहीं, बल्कि छात्रों के लिए बेहतर शैक्षणिक एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर उपस्थित प्रदेश मंत्री प्रकाश टुटी ने कहा कि छात्र सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाएं किसी भी शैक्षणिक संस्थान की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। यदि हजारों छात्र-छात्राएं प्रतिदिन महाविद्यालय आते हैं तो उनकी सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, पुस्तकालय एवं डिजिटल शिक्षा से जुड़ी सुविधाओं का बेहतर होना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद छात्रों के अधिकारों एवं हितों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रही है और भविष्य में भी छात्रहित के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।
ज्ञापन प्राप्त करने के पश्चात प्रभारी प्राचार्य डॉ. चंद्र किशोर भगत ने परिषद के प्रतिनिधिमंडल को सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि ज्ञापन में उठाए गए विषय अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने सभी मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा यथाशीघ्र समस्याओं के समाधान का प्रयास करने का भरोसा दिलाया।
परिषद ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समयावधि के भीतर समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं की जाती है, तो विद्यार्थी परिषद छात्रहित एवं छात्र सुरक्षा के प्रश्न पर चरणबद्ध लोकतांत्रिक आंदोलन चलाने के लिए बाध्य होगी।
ज्ञापन कार्यक्रम के दौरान प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मधुवा मुंडा, सुखराम हेमरॉम सहित विद्यार्थी परिषद के अन्य कार्यकर्ता एवं छात्र प्रतिनिधि उपस्थित थे। ABVP ने आशा व्यक्त की है कि महाविद्यालय प्रशासन छात्रों की अपेक्षाओं एवं सुरक्षा संबंधी चिंताओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करेगा, जिससे बिरसा कॉलेज विद्यार्थियों के लिए एक सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण प्रदान करने वाला संस्थान बन सके।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी
No Previous Comments found.