खूंटी थाना के समीप चला सघन वाहन जांच अभियान, बिना हेलमेट व दस्तावेज़ के वाहन चलने वालों पर कार्रवाई
खूंटी : सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर आज खूंटी थाना के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। खूंटी उपायुक्त मो. जावेद हुसैन एवं पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग के निर्देश पर जांच अभियान एमवीआई शाहनवाज हुसैन के नेतृत्व में किया गया।
जांच के दौरान दो पहिया वाहनों के ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन, इंश्योरेंस, प्रदूषण प्रमाणपत्र (PUC) सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की गई। जिन वाहन चालकों के पास आवश्यक कागजात नहीं पाए गए या जो बिना हेलमेट के वाहन चला रहे थे, उनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत ऑन-द-स्पॉट चालान काटा गया।
प्रशासन ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना तथा लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है। बिना हेलमेट वाहन चलाने से दुर्घटना की स्थिति में गंभीर चोट या जान जाने का खतरा बढ़ जाता है, जिसकी परेशानी पूरे परिवार को झेलनी पड़ती है।
खूंटी उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने आम नागरिकों से अपील की कि वे वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा सभी आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन लगातार अभियान चला रहा है, लेकिन लोगों में अभी भी जागरूकता नहीं आ रही है। इसी को देखते हुए समय-समय पर ऐसे विशेष जांच अभियान चलाए जाते रहेंगे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बिना हेलमेट, बिना लाइसेंस, बिना इंश्योरेंस अथवा अन्य आवश्यक दस्तावेजों के बगैर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
रिपोर्टर : शाहिद अन्सारी
No Previous Comments found.