खूंटी में जन वितरण प्रणाली के डीलरों की अंचल सभागार में बैठक, बीएसओ खुशबू तिर्की ने दी सख्त चेतावनी
खूंटी : अंचल सभागार में सोमवार को जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) के सभी डीलरों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीएसओ खुशबू तिर्की ने की। बैठक में राशन वितरण, ई-केवाईसी, ग्रीन कार्ड एवं चना दाल वितरण सहित विभिन्न योजनाओं पर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए बीएसओ खुशबू तिर्की ने सभी डीलरों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक माह 1 से 20 तारीख के बीच शत-प्रतिशत राशन वितरण हर हाल में सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि राशन वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी डीलर की लापरवाही सामने आती है तो उसके विरुद्ध निलंबन के साथ-साथ एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।
बीएसओ ने विशेष रूप से ग्रीन कार्ड, ई-केवाईसी एवं चना दाल वितरण पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इन कार्यों में खूंटी जिला अभी पीछे चल रहा है और इसे गंभीरता से लेने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि उपायुक्त के स्पष्ट निर्देश हैं कि राशन वितरण में अनियमितता करने वाले डीलरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान डीलरों ने भी अपनी-अपनी समस्याएं रखीं। कई डीलरों ने नेटवर्क की समस्या, ई-पॉस मशीनों में तकनीकी खराबी तथा अन्य कठिनाइयों की जानकारी दी। इस पर बीएसओ ने कहा कि तकनीकी समस्या हर माह नहीं होती है। सभी डीलरों को समय पर राशन वितरण सुनिश्चित करना होगा और जिले को सभी प्रखंडों के बेहतर कार्य के साथ राज्य में अग्रणी बनाने का प्रयास करना होगा।
बैठक के अंत में सभी जन वितरण प्रणाली के डीलरों ने प्रत्येक माह शत-प्रतिशत राशन वितरण करने तथा सरकार के निर्देशों का पूरी ईमानदारी से पालन करने का सामूहिक संकल्प लिया।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी
No Previous Comments found.