उपायुक्त मो० जावेद हुसैन के निर्देशानुसार विभिन्न विद्यालयों में ईएलसी के तहत चुनाव पाठशाला का आयोजन,
खूंटी : जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मो० जावेद हुसैन के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न विद्यालयों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के अंतर्गत चुनाव पाठशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवा एवं भावी मतदाताओं (Future Voters) को लोकतांत्रिक प्रक्रिया, मतदाता सूची के महत्व तथा झारखंड में संचालित स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान के प्रति जागरूक करना था।
चुनाव पाठशाला के दौरान विद्यार्थियों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की आवश्यकता, इसके उद्देश्य तथा प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची में शामिल कराने के महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें मतदान के अधिकार एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में उनकी भूमिका से भी अवगत कराया गया।
ㅤ
इस अवसर पर विद्यार्थियों को झारखंड में संचालित एसआईआर कार्यक्रम की समय-सारिणी की जानकारी देते हुए बताया गया कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत 30 जून 2026 से 29 जुलाई 2026 तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन एवं गणना प्रपत्रों का संकलन किया जाएगा। प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 05 अगस्त 2026 को होगा, जबकि दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने की अवधि 05 अगस्त से 04 सितंबर 2026 तक निर्धारित है। सभी दावों एवं आपत्तियों के निराकरण के उपरांत 07 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर की भूमिका, गणना प्रपत्र सही तरीके से भरने, आवश्यक दस्तावेज संलग्न करने तथा समय पर जमा करने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई। विद्यार्थियों से आग्रह किया गया कि वे अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी एसआईआर अभियान की जानकारी देकर उन्हें सहयोग के लिए प्रेरित करें। ㅤ
मतदाता जागरूकता को रचनात्मक रूप देने के उद्देश्य से विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा एसआईआर विषय पर पेंटिंग, पोस्टर निर्माण, निबंध, रंगोली एवं स्लोगन के माध्यम से जागरूकता संदेश प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों ने अपने आकर्षक चित्रों एवं पोस्टरों के माध्यम से स्वच्छ, त्रुटिरहित एवं अद्यतन मतदाता सूची के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया तथा लोकतंत्र को मजबूत बनाने का संदेश दिया।
ㅤ
जिला प्रशासन ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे बीएलओ को आवश्यक सहयोग प्रदान करें, गणना प्रपत्र सही एवं पूर्ण रूप से भरकर समय पर जमा करें तथा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। ㅤ
रिपोर्टर : शहीद अंसारी
No Previous Comments found.