उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने सिद्धो कान्हो कृषि एवं वनोपज जिला सहकारी संघ लिमिटेड की वार्षिक आम सभा का किया उद्घाटन, सहकारिता सप्ताह का हुआ शुभारंभ।
खूँटी : खूँटी अंचल स्थित सभागार में अध्यक्ष, सिद्धो कान्हो कृषि एवं वनोपज जिला सहकारी संघ लिमिटेड-सह-उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने दीप प्रज्वलित कर सिद्धो कान्हो कृषि एवं वनोपज जिला सहकारी संघ लिमिटेड, खूँटी की वार्षिक आम सभा का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सचिव, सिद्धकोफेड द्वारा स्वागत भाषण प्रस्तुत किया गया। बैठक में सिद्धकोफेड जिला संघ का परिचय, उद्देश्य, उपलब्धियां, भविष्य की योजनाएं तथा आय-व्यय का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। सभी विषयों पर चर्चा उपरांत आम सभा द्वारा सर्वसम्मति से प्रस्तावों को पारित किया गया।
इस अवसर पर जिला कृषि पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी एवं सहायक निबंधक, सहकारिता द्वारा अपने-अपने विभागों की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं सहकारिता से संबंधित योजनाओं की जानकारी उपस्थित सदस्यों को दी गई। वहीं सुंदारी, खूँटी एवं मुरहू लैम्प्स के सचिवों एवं अध्यक्षों ने अपने अनुभव साझा करते हुए सहकारिता आंदोलन को और सशक्त बनाने पर बल दिया। अध्यक्ष-सह-उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने 29 जून से 6 जुलाई तक आयोजित होने वाले सहकारिता सप्ताह का शुभारंभ किया तथा उपस्थित सभी सदस्यों को सहकारिता के सिद्धांतों एवं सामूहिक विकास के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण भी किया तथा सभी से अधिकाधिक पौधारोपण एवं उनके संरक्षण का आह्वान किया। अंत में सचिव द्वारा उपस्थित सदस्यों से सुझाव प्राप्त किए गए तथा सहकारिता आंदोलन को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने हेतु सभी के सहयोग का आह्वान किया गया।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी
No Previous Comments found.