जेएसएलपीएस एवं नगर पंचायत खूंटी के वार्ड संख्या-9 में आयोजित हुआ रक्तदान शिविर
खूंटी : सदर अस्पताल, खूंटी स्थित रक्त केंद्र के तत्वावधान में अड़की प्रखंड में जेएसएलपीएस द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ प्रखंड विकास पदाधिकारी गुलजार अंजुम एवं प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. निरुपमा ने संयुक्त रूप से किया।
अपने संबोधन में प्रखंड विकास पदाधिकारी गुलजार अंजुम ने कहा कि "रक्तदान महादान" है। एक यूनिट रक्तदान से अनेक लोगों को जीवनदान मिलता है। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को स्वेच्छा से रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया।
जेएसएलपीएस के प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक चंदन कुमार ने बताया कि जेएसएलपीएस संस्था महिलाओं को स्वावलंबी एवं आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ समय-समय पर इस प्रकार के जनकल्याणकारी शिविरों का आयोजन करती है, ताकि जरूरतमंद लोगों को रक्त की कमी का सामना न करना पड़े।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. निरुपमा ने कहा कि रक्तदान करने से किसी प्रकार की कमजोरी नहीं होती है। प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।
शिविर में बीपीएम चंदन कुमार, सभी सीसी से आईं दीदियाँ तथा प्रखंड प्रमुख कृष्णा सिंह मुंडा, प्रताप कुमार, लखमिनी कुमारी एवं मुजफ्फर हुसैन के सहयोग से कुल 10 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।
वहीं नगर पंचायत खूंटी के वार्ड संख्या-9 में वार्ड पार्षद एवं उपाधीक्षक डॉ. आनंद किशोर उरांव द्वारा रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया गया। इस शिविर में कुल 4 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।
शिविर को सफल बनाने में रक्त केंद्र के काउंसलर निशांत झा, सुजीत नाग, विकास नाग सहित अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी
No Previous Comments found.