खूंटी जिला के कचहरी मैदान में एक दिवसीय दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला का आयोजन किया गया।

 खूंटी : मेले में बड़ी संख्या में विभिन्न कंपनियों के स्टॉल लगाए गए थे। जिसमें प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड, ब्लिंकिट, एमआरएफ, मारुति सुजुकी, गुरुकुल कल्याण केंद्र चंद्रपुरा, केपीआर गारमेंट डिविजन कोयंबटूर समेत दर्जनों स्टॉल लगाए गए थे। रोजगार मेला में आए युवक युवतियों को ऑन द स्पॉट इंटरव्यू लेकर ज्वाइनिंग लेटर भी दिया गया।  दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला में बतौर मुख्य अतिथि जिले के उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने विभिन्न कंपनियों द्वारा चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र सौंपा। इस दौरान श्रम नियोजन पदाधिकारी आनंद कुमार ने कहा कि   रोजगार मेले में कुल 25 कंपनियां शामिल थी। जिसमें कुछ स्थानीय कंपनी और कुछ राज्य स्तरीय और अन्य राज्यों की कंपनियों ने भी रोजगार हेतु शिरकत किया। जिले में एसटी एससी के लिए चल रहे आवासीय स्पेशल ट्रेनिंग केंद्रों के माध्यम से भी लोगों को लगातार रोजगार से जोड़ा जा रहा है।  खूंटी उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने रोजगार मेला आयोजित करने के लिए जिला नियोजन टीम का धन्यवाद जताते हुए कहा कि यहां के बच्चों के लिए रोजगार मेला बेहतर प्लेटफॉर्म है। रोजगार मेले में एक साथ कई कंपनियों में युवक युवतियों का इंटरव्यू कराकर जॉब ऑफर लेटर दिया जाता है। रोजगार मेले से लोगों में जागरूकता बढ़ती है और योग्य कैंडिडेट का तत्काल चयन किया जाता है।  रोजगार मेले में जॉब ऑफर लेटर प्राप्त करने वाले युवक युवतियों ने बताया कि उनका चयन सिक्योरिटी गार्ड के लिए किया गया है और वे बहुत खुश हैं। उन्होंने श्रम नियोजन विभाग का आभार जताया।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.