राष्ट्रीय स्तर पर बिरसा कॉलेज खूंटी का परचम NALSA की राष्ट्रीय शॉर्ट रील प्रतियोगिता में छात्राओं को किया सम्मान
खूंटी : बिरसा कॉलेज, खूंटी के लिए गर्व का क्षण तब आया, जब जूलॉजी विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की छात्राएँ शालिनी कुमारी, पल्लवी कुमारी एवं मुस्कान कुमारी ने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तर की शॉर्ट रील प्रतियोगिता में शानदार सफलता हासिल कर महाविद्यालय, खूंटी जिला एवं पूरे झारखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। यह प्रतियोगिता विधिक जागरूकता एवं सामाजिक सरोकारों पर युवाओं की रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी। तीनों छात्राओं ने अपनी सृजनात्मक सोच, प्रभावशाली प्रस्तुति और समाज को सकारात्मक संदेश देने वाली शॉर्ट रील के माध्यम से निर्णायकों को प्रभावित करते हुए यह प्रतिष्ठित उपलब्धि अपने नाम की। इस उल्लेखनीय सफलता के लिए छात्राओं को रांची में आयोजित सम्मान समारोह में झारखंड उच्च न्यायालय के माननीय न्यायमूर्ति श्री सुजीत नारायण प्रसाद, न्यायाधीश, झारखंड उच्च न्यायालय एवं कार्यकारी अध्यक्ष, JHALSA द्वारा सम्मानित किया गया।
इस उपलब्धि पर बिरसा कॉलेज, खूंटी के प्राचार्य डॉ. सी. के. भगत ने छात्राओं को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता महाविद्यालय के लिए अत्यंत गौरव और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छात्राएँ भविष्य में भी अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और समर्पण के बल पर नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेंगी।
प्राणी विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. पुष्पा सुरिन ने कहा कि छात्राओं की यह उपलब्धि उनके निरंतर परिश्रम, अनुशासन एवं नवाचार का परिणाम है। वहीं, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. जया कच्छप ने कहा कि NSS का उद्देश्य केवल समाज सेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी है। छात्राओं की यह सफलता उसी उद्देश्य की प्रेरणादायक मिसाल है।
महाविद्यालय के शिक्षकों जया भारती कुजूर, राज कुमार गुप्ता, डॉ. तारिफ़ लुगुन, अनंत राम, पूनम माई तियु, डॉ. सिजरन सुरिन, डॉ. अभिषेक कुमार एवं डॉ. काली मुंडू ने भी तीनों छात्राओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे महाविद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है तथा छात्राओं की मेहनत, रचनात्मकता और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है।
महाविद्यालय परिवार ने तीनों छात्राओं की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि वे भविष्य में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बिरसा कॉलेज, खूंटी तथा झारखंड का नाम गौरवान्वित करती रहेंगी।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी
No Previous Comments found.