उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने जिला स्तरीय विधि व्यवस्था को लेकर किया समीक्षा बैठक, भूमि विवादों के त्वरित निष्पादन एवं कानून-व्यवस्था संधारण पर दिया विशेष जोर
खूंटी : समाहरणालय स्थित सभागार में जिले में विधि व्यवस्था संधारण को लेकर उपायुक्त मो० जावेद हुसैन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से पुलिस अधीक्षक श्री ऋषभ गर्ग, अनुमंडल पदाधिकारी श्रीमती दीपेश कुमारी, अपर समाहर्ता श्रीमती सुषमा लकड़ा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, जिला अवर निबंधक, कार्यपालक दंडाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी, सभी थाना प्रभारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में उपायुक्त ने कहा कि जिले में विधि व्यवस्था संधारण सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भूमि से संबंधित मामलों में पूर्ण पारदर्शिता एवं नियमों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जमीन की रजिस्ट्री एवं दाखिल-खारिज की प्रक्रिया सभी निर्धारित मानकों, एसओपी एवं विधिक प्रावधानों के अनुरूप ही पूरी की जाए। ग्राम सभा, स्थानीय जनप्रतिनिधियों से आवश्यक सत्यापन एवं अन्य सभी निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करने के उपरांत ही रजिस्ट्री एवं दाखिल-खारिज की कार्रवाई की जाए, ताकि किसी प्रकार की त्रुटिपूर्ण प्रविष्टि या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भूमि विवादों के कारण जिले में कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी एवं थाना प्रभारी समन्वय बनाकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि किसी भी संभावित विवाद को प्रारंभिक स्तर पर ही चिन्हित कर उसका त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। बैठक में भू-माफियाओं के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने कहा कि ऐसे तत्वों को चिन्हित कर आवश्यकता के अनुसार विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जाए। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा धारा 163 के अंतर्गत निषेधाज्ञा लागू करने की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि सरकारी भूमि एवं वन भूमि पर किसी भी परिस्थिति में अवैध अतिक्रमण अथवा कब्जा नहीं होने दिया जाए। ऐसे मामलों की सूचना प्राप्त होते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उपायुक्त ने प्रत्येक माह सभी अंचल क्षेत्रों में अंचल/थाना दिवस का नियमित आयोजन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों के माध्यम से भूमि विवाद एवं अन्य स्थानीय समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को त्वरित राहत मिल सके तथा विवादों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। ㅤ बैठक में जिले के शॉपिंग मॉल, पेट्रोल पंप, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता एवं कार्यशील स्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए गए। संबंधित विभागों को नियमित जांच अभियान चलाकर सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले में शांति, सुरक्षा एवं विधि व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा प्रत्येक मामले में संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
रिपोर्टर : शहीद अंसारीㅤ
No Previous Comments found.