351 महिलाओं की भव्य कलश यात्रा के साथ देवी गुड़ी में तीन दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ

खूंटी - शहर की ग्राम देवी के रूप में विख्यात सार्वजनिक दुर्गा मंदिर (देवी गुड़ी) में स्थापित मां काली एवं बजरंगबली की प्रतिमाओं के तीन दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ सोमवार को भव्य मंगल कलश यात्रा के साथ श्रद्धा और उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। सुबह से ही मंदिर परिसर और शहर के विभिन्न मार्ग भक्तिमय माहौल से सराबोर रहे। कलश यात्रा का शुभारंभ महादेव मंडा परिसर से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ। इसके बाद यात्रा कर्रा रोड, नेताजी चौक, भगत सिंह चौक, डाकबंगला रोड, नेताजी चौक होते हुए मिश्रा टोली पहुंची और अंततः नेताजी चौक स्थित यज्ञ मंडप में संपन्न हुई। यात्रा में 351 महिलाएं एवं युवतियां पीले परिधान धारण कर सिर पर मंगल कलश लिए शामिल हुईं। श्रद्धालुओं की आस्था और अनुशासन ने पूरे आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया। यात्रा के दौरान रिमझिम बारिश भी श्रद्धालुओं के उत्साह को कम नहीं कर सकी। ताशे, ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों की मधुर धुन पर श्रद्धालु पूरे मार्ग में जयकारे लगाते हुए झूमते-नाचते आगे बढ़ते रहे थे। शहरवासियों ने भी विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया। पूरे धार्मिक अनुष्ठान का नेतृत्व प्रसिद्ध वैदिक विद्वान पंडित योगेश भारद्वाज ने किया। उनके साथ वाराणसी से आए चार अनुभवी वैदिक आचार्यों की टीम भी प्राण-प्रतिष्ठा से जुड़े सभी वैदिक अनुष्ठानों का संचालन कर रही है। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधानों के बीच वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत रहा। यज्ञ मंडप पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना में भाग लिया तथा महाप्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति के सदस्यों के साथ शहर के गणमान्य नागरिकों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने महोत्सव की गरिमा को और बढ़ा दिया। तीन दिनों तक चलने वाले इस प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, हवन, पूजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कलश यात्रा के दौरान 11 सदस्यीय आयोजन समिति के अलावा बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।

रिपोर्टर - शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.