युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मो. आमिर हुसैन की पहल पर “छात्रों की गूँज” अभियान का शुभारंभ
खूंटी - आज युवा कांग्रेस एवं NSUI द्वारा एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम “छात्रों की गूँज” का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मो. आमिर हुसैन एवं NSUI जिला अध्यक्ष राहुल केशरी ने संयुक्त रूप से की। इस अवसर पर युवा कांग्रेस एवं NSUI के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशेष रूप से ऋषभ सारंगी (NSUI कार्यकारिणी अध्यक्ष), सुमित हर्ष (जिला उपाध्यक्ष), शालिनी आइन्द, मोनू खान, आर्यन अली, फरहान हुसैन, नवाज़ अंसारी, शंकर उरांव, सूरज राजक सहित अन्य युवा कार्यकर्ता एवं छात्र मौजूद रहे। सभी ने शिक्षा, रोजगार तथा युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य देश की शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त विसंगतियों, विशेषकर परीक्षा प्रणाली, पाठ्यक्रम, पेपर लीक, बेरोज़गारी जैसी समस्याओं को उजागर करना तथा युवाओं की आवाज़ को सशक्त रूप से उठाना था। छात्रों की गूँज अभियान के माध्यम से संगठन शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर जन-जागरूकता, युवा समर्थन और ठोस समाधान की दिशा में कार्य करेगा।
इस दौरान अध्यक्ष एवं कार्यकर्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि, “हमारा लक्ष्य युवाओं को संघर्ष के लिए प्रेरित करना तथा एक मजबूत, पारदर्शी और जवाबदेह शिक्षा व्यवस्था की स्थापना करना है।
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मो. आमिर हुसैन ने कहा,आज का यह कार्यक्रम उस युवा शक्ति का प्रतीक है, जिसका लक्ष्य केवल शिकायत करना नहीं, बल्कि समाधान की दिशा में आगे बढ़ना है। हम लगातार युवाओं की आवाज़ को हर मंच तक पहुँचाते रहेंगे। वहीं NSUI जिला अध्यक्ष राहुल केशरी ने कहा, आज का सम्मेलन प्रेरणादायक रहा। हम छात्रों की उम्मीदों एवं मांगों को हर संभव मंच पर मजबूती से उठाएंगे। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि छात्रों और युवा वर्ग की आवाज़ अब दबाई नहीं जा सकती। छात्रों की गूँज अभियान के तहत आगामी दिनों में विभिन्न जिलों में शिक्षा बचाओ एवं युवा अधिकार को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
रिपोर्टर - शहीद अंसारी
No Previous Comments found.