भक्ति संगीत की सुरमयी संध्या में झूमे खूंटीवासी, भजनों और नृत्य ने बांधा समां

खूंटी :  शहर की आराध्य ग्राम देवी के रूप में विख्यात सार्वजनिक दुर्गा मंदिर (देवी गुड़ी) में मां काली और भगवान बजरंगबली की प्रतिमाओं के प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर बुधवार को आयोजित भक्ति श्रद्धा, संगीत और उत्साह का अद्भुत संगम बन गई। लगातार दूसरे दिन भी खूंटीवासी भक्तिमय माहौल में डूबे नजर आए। रिदम एंड सोल की सांस्कृतिक टीम ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया और देर रात तक पूरा परिसर भक्ति रस में सराबोर रहा। कार्यक्रम में धनबाद की प्रसिद्ध गायिका बॉबी और जमशेदपुर से आए गायक जसवीर सिंह ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी मधुर आवाज और भावपूर्ण गायन पर श्रद्धालु झूम उठे तथा तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। वहीं, पश्चिम बंगाल के पुरुलिया से आईं नृत्यांगना रिया पाठक ने भक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का दिल जीत लिया। उनकी भाव-भंगिमाओं और आकर्षक प्रस्तुति ने लोगों को अंत तक अपनी सीटों से बांधे रखा। कार्यक्रम के दौरान "ऐ गणेश की मम्मी...", "कंगना पधारो श्री गणेश..." और "राम आएंगे..." जैसे लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति पर पूरा पंडाल भक्तिमय उल्लास से गूंज उठा। श्रद्धालु भजनों की धुन पर झूमते और भगवान के जयकारे लगाते नजर आए। भक्ति, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजी यह संध्या प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रही। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति और कलाकारों की उत्कृष्ट प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। आयोजन को सफल बनाने में आयोजन समिति के नकुल भगत,अनूप साहू,संजय मिश्रा,रंजीत प्रसाद,कुमार सौरव,दामोदर प्रसाद,लव चौधरी,विक्की गुप्ता,मनोज साहू,अमर साहू,बाबु मिश्रा आदि ने सहयोग किया। सहयोग के लिए आभार खूंटी। आयोजन समिति ने तीन दिनों तक चले इस भव्य कार्यक्रम के सफलता के लिए सभी दान दाताओं एवं सहयोग कर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया है।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.