कर्रा में आदिवासी लोहरा समाज का प्रखंड स्तरीय महासम्मेलन आयोजित, संगठन और शिक्षा पर दिया गया जोर
खूंटी : कर्रा. प्रखंड के नगर भवन, कर्रा में गुरुवार को आदिवासी लोहरा समाज का प्रखंड स्तरीय महासम्मेलन प्रखंड अध्यक्ष महकु लोहरा की अध्यक्षता में आयोजित किया गया. कार्यक्रम का संचालन प्रखंड महासचिव अजय लोहरा ने किया. सम्मेलन में समाज की एकता, शिक्षा, रोजगार, सांस्कृतिक पहचान तथा सामाजिक अधिकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गयी.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रितम सांड लोहरा तथा विशिष्ट अतिथि बालमुकुंद लोहरा उपस्थित रहे. मुख्य अतिथि प्रितम सांड लोहरा ने कहा कि लोहरा समाज के लोगों को आज भी अनेक सामाजिक एवं प्रशासनिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है. उन्होंने कहा कि लोहरा समाज आदिवासी समाज का हिस्सा है, लेकिन जाति प्रमाण पत्र बनवाने में लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. उन्होंने कहा कि समाज के पूर्वजों का देश की आजादी में महत्वपूर्ण योगदान रहा है और समाज को संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए आगे बढ़ना होगा. उन्होंने "मिले सुर मेरा तुम्हारा" गीत का उल्लेख करते हुए सभी से आपसी भाईचारा और एकजुटता बनाए रखने की अपील की.
विशिष्ट अतिथि बालमुकुंद लोहरा ने कहा कि लोहरा समाज शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में पिछड़ता जा रहा है. उन्होंने लोगों से सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने, बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने तथा रोजगार के अवसरों का बेहतर उपयोग करने का आह्वान किया.
वक्ता शंभू शंकर लोहरा ने कहा कि समाज के कुछ लोगों ने ईसाई धर्म अपना लिया है. उन्होंने ऐसे लोगों से लोहरा समाज की सांस्कृतिक परंपराओं एवं धार्मिक संस्कारों को बनाए रखने तथा समाज से जुड़े रहने की अपील की.सम्मेलन में लोहरा समुदाय के लोगों को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का जाति प्रमाण पत्र निर्गत करने से संबंधित मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया.
सम्मेलन को कार्तिक लोहरा, नागेश्वर लोहरा, शंभू शंकर लोहरा, राजू लोहरा, लक्ष्मण लोहरा, अशोक लोहरा, अभय भुटकुवंर, रामशरण तिर्की सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया.
कार्यक्रम को सफल बनाने में भीमसेन कैथा, महावीर लोहरा, ललित कैथा, देवनाथ मघैया, महकु लोहरा, खेदन लकड़ा, तेजु परधिया, सतन देवी, झिरगा लोहरा, अजय लोहरा सहित समाज के अनेक लोगों का सराहनीय योगदान रहा।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी
No Previous Comments found.