खूंटी बिरसा कॉलेज, खूंटी से “छात्रों की गूंज” अभियान का शुभारंभ, शिक्षा व्यवस्था में सुधार तक जारी रहेगा आंदोलन
खूंटी : भारतीय युवा कांग्रेस एवं NSUI के संयुक्त तत्वावधान में आज बिरसा कॉलेज, खूंटी में राष्ट्रव्यापी “छात्रों की गूंज” अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा कांग्रेस खूंटी जिलाध्यक्ष मो. आमिर हुसैन एवं NSUI खूंटी जिलाध्यक्ष राहुल केशरी ने संयुक्त रूप से की।
इस अवसर पर उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आज देश की शिक्षा व्यवस्था गंभीर संकट से गुजर रही है। लगातार हो रहे पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताएं, बढ़ती बेरोजगारी, महंगी शिक्षा और युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ ने लाखों विद्यार्थियों का विश्वास तोड़ा है। मेहनत करने वाले छात्र आज भी अपने भविष्य को लेकर असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मो. आमिर हुसैन ने कहा कि “छात्रों की गूंज” केवल एक अभियान नहीं, बल्कि देश के करोड़ों छात्रों की आवाज़ है। जब तक छात्रों के साथ हो रहे अन्याय बंद नहीं होते, पेपर लीक पर प्रभावी कानून लागू नहीं होता, भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी नहीं बनती और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, तब तक यह आंदोलन पूरे देश में निरंतर चलता रहेगा।
उन्होंने कहा कि आज इस अभियान की शुरुआत बिरसा कॉलेज, खूंटी से की गई है और आने वाले दिनों में इसे खूंटी जिले के सभी +2 विद्यालयों एवं महाविद्यालयों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक छात्र इस जनआंदोलन से जुड़ सकें और अपनी आवाज़ बुलंद कर सकें।
NSUI जिलाध्यक्ष राहुल केशरी ने कहा कि छात्र केवल डिग्री नहीं, बल्कि सम्मानजनक भविष्य चाहते हैं। यदि पढ़ाई, परीक्षा और मेहनत के बाद भी रोजगार की कोई गारंटी नहीं है, तो यह शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न है। अब छात्र चुप नहीं बैठेंगे और अपने अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेंगे।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों के समक्ष प्रमुख मांगें रखी गईं, जिनमें पेपर लीक मुक्त एवं जवाबदेह परीक्षा व्यवस्था, पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच एवं दोषियों पर कठोर कार्रवाई, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, तथा सभी प्रतियोगी परीक्षाओं एवं सरकारी भर्तियों का वार्षिक कैलेंडर जारी करने की मांग प्रमुख रही।
युवा कांग्रेस एवं NSUI ने स्पष्ट किया कि यह अभियान किसी एक संस्थान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि खूंटी जिले के प्रत्येक +2 विद्यालय और कॉलेज में चलाया जाएगा तथा छात्रों की मांगें पूरी होने तक देशभर में यह आंदोलन लगातार जारी रहेगा।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी
No Previous Comments found.