खूंटी उपायुक्त मो.जावेद हुसैन ने बाबा आम्रेश्वर धाम मंदिर प्रबंधन समिति एवं संबंधित अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक।

खूंटी : आगामी 30 जुलाई से 28 अगस्त तक आयोजित होने वाले श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने आज बाबा आम्रेश्वर धाम मंदिर स्थित सभागार में मंदिर प्रबंधन समिति एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। 

बैठक में मुख्य रूप से पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग, उप विकास आयुक्त  प्रवीण कुमार प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी  दीपेश कुमारी, एसडीपीओ, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी तथा मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, महामंत्री, सचिव एवं सदस्यगण उपस्थित रहे।

​उपायुक्त ने कहा कि श्रावण माह में आम्रेश्वर धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलार्पण के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया।

​बैठक के दौरान मंदिर एवं आसपास के क्षेत्रों की नियमित साफ-सफाई, पेयजल उपलब्धता, मोबाइल एवं स्थायी शौचालयों की समुचित व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस बल एवं स्वयंसेवकों की प्रतिनियुक्ति, सड़क मरम्मत, पार्किंग व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधा, पारा मेडिकल टीम, एम्बुलेंस एवं अग्निशमन वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

​उपायुक्त ने पथ निर्माण विभाग को मंदिर मार्ग एवं आसपास की सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों की साफ-सफाई कराने एवं आवश्यकता अनुसार सड़क मरम्मती का निर्देश दिया। साथ ही बनई नदी एवं आम्रेश्वर धाम परिसर स्थित तालाब के समीप गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को रोका जा सके। उन्होंने स्थायी एवं अस्थायी शौचालयों की नियमित सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने के भी निर्देश दिए।

​बैठक में ट्रैफिक डायवर्जन, बैरिकेडिंग, साइनेज, एलईडी स्क्रीन, भीड़ प्रबंधन एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई। मंदिर प्रबंधन समिति को सीसीटीवी कैमरों को पूरी तरह क्रियाशील रखने, श्रद्धालुओं के लिए कतार की व्यवस्था करने तथा स्वयंसेवकों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। इस दौरान मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा भी विभिन्न सुझाव एवं प्रस्ताव जिला प्रशासन के समक्ष रखे गए, जिन पर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत मॉनिटरिंग की जाएगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने, यातायात व्यवस्था में सहयोग करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस अथवा नियंत्रण कक्ष को सूचित करने की अपील की। साथ ही उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं मंदिर प्रबंधन समिति से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रावणी मेला 2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने का आह्वान किया।

​बैठक के उपरांत उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने बाबा आम्रेश्वर धाम मंदिर परिसर का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रावणी मेला 2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.