बैंक ऑफ इंडिया के विशाल केसीसी ऋण कैंप में सैकड़ों किसानों को मिला लाभ
खूंटी : बैंक ऑफ इंडिया, खूंटी एवं आरसेटी (RSETI) के संयुक्त तत्वावधान में बैंक ऑफ इंडिया आरसेटी, खूंटी के सभागार में विशाल किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण कैंप का आयोजन किया गया। कैंप का उद्देश्य किसानों को समय पर सरल प्रक्रिया के माध्यम से कृषि ऋण उपलब्ध कराकर खेती-किसानी को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि शैलेंद्र कुमार, मुख्य प्रबंधक, आंचलिक कार्यालय रांची, अग्रणी जिला प्रबंधक अजीत कुमार तथा आरसेटी खूंटी के निदेशक वसंत कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके उपरांत आरसेटी निदेशक ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि शैलेंद्र कुमार ने कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी योजना है। इसके माध्यम से किसानों को कम ब्याज दर पर कृषि ऋण उपलब्ध कराया जाता है, जिससे वे अपनी खेती का विस्तार कर उत्पादन और आय में वृद्धि कर सकते हैं। उन्होंने किसानों से समय पर ऋण भुगतान करने की अपील करते हुए कहा कि नियमित भुगतान करने वाले किसानों को ब्याज अनुदान का लाभ मिलता है, जिससे उन्हें प्रभावी रूप से शून्य प्रतिशत ब्याज का लाभ प्राप्त हो सकता है।
कैंप के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड के तहत कृषि ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए तथा पात्र किसानों के बीच ऋण का वितरण भी किया गया। साथ ही किसानों को बैंकिंग सेवाओं, डिजिटल बैंकिंग के सुरक्षित उपयोग, साइबर धोखाधड़ी से बचाव एवं आरसेटी द्वारा संचालित निःशुल्क स्वरोजगार प्रशिक्षण कार्यक्रमों की भी विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर बैंक ऑफ इंडिया, खूंटी के सभी शाखा प्रबंधकों ने किसानों को केसीसी योजना के लाभ, पात्रता, ऋण प्रक्रिया एवं समय पर भुगतान के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी और अधिक से अधिक किसानों से योजना का लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन बैंक ऑफ इंडिया आरसेटी, खूंटी के वरिष्ठ संकाय सदस्य सुशील कुमार ने किया, जबकि अंत में वसंत कुमार, निदेशक आरसेटी, खूंटी ने उपस्थित अतिथियों, किसानों एवं बैंक अधिकारियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी
No Previous Comments found.