भारत की जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (DCHB) निर्माण हेतु दो दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न

खूँटी : उपायुक्त-सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी मो० जावेद हुसैन के निर्देशानुसार अपर समाहर्ता-सह-जिला जनगणना पदाधिकारीश्रीमती सुषमा लकड़ा की अध्यक्षता में जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (DCHB) तैयार करने के लिए 5 एवं 6 अगस्त 2026 को डीआरडीए सभागार, खूँटी में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के प्रथम दिन भारत के महारजिस्ट्रार कार्यालय, नई दिल्ली से संयुक्त निदेशक एवं नोडल पदाधिकारी श्रीमती पूर्णिमा प्रसाद उपस्थित रहीं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को जनगणना कार्य के सफल संचालन एवं गुणवत्तापूर्ण डाटा संकलन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जनगणना कार्य निदेशालय, झारखंड के श्रीमती सेतेंग ज्योति बराड़उद एवं श्री प्रवीण कुमार सिन्हा ने जिला जनगणना हस्तपुस्तिका के लिए आंकड़ों के संकलन, सत्यापन एवं संधारण की प्रक्रिया पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया। इस दौरान DCHB मोबाइल ऐप एवं वेब पोर्टल के माध्यम से डाटा प्रविष्टि, सत्यापन तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप कार्य करने की जानकारी दी गई।

5 अगस्त को खूँटी, कर्रा, तोरपा एवं नगर पंचायत खूँटी के चार्ज पदाधिकारियों एवं नामित राजस्व कर्मियों को तथा 6 अगस्त को मुरहू, रनिया एवं अड़की प्रखंड के चार्ज पदाधिकारियों एवं नामित राजस्व कर्मियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

जिला सांख्यिकी पदाधिकारी-सह-अपर जिला जनगणना पदाधिकारी ने बताया कि जिले के प्रत्येक ग्राम एवं नगर से संबंधित आवश्यक आंकड़ों का संकलन 20 अगस्त 2026 से 5 सितम्बर 2026 तक किया जाएगा।

अपर समाहर्ता ने प्रशिक्षण में उपस्थित सभी चार्ज पदाधिकारियों, राजस्व कर्मियों, जनसेवकों एवं पंचायत सचिवों को निर्देश देते हुए कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं एवं नीतियों का महत्वपूर्ण आधार है। इसलिए सभी कर्मी पूरी जिम्मेदारी, गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करें तथा शुद्ध, सटीक एवं त्रुटिरहित डाटा प्रविष्टि सुनिश्चित करें।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.