12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत, तैयारी को लेकर समन्वय बैठक आयोजित
खूँटी : आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की प्रभावी तैयारी को लेकर शुक्रवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खूँटी के तत्वावधान में समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विद्वान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खूँटी रसिकेश कुमार ने की। बैठक उनके माननीय कक्ष, व्यवहार न्यायालय परिसर, खूँटी में अपराह्न 4:10 बजे आयोजित हुई।
बैठक में अपर समाहर्ता, खूँटी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडलीय न्यायिक दण्डाधिकारी, मोटरयान निरीक्षक-जिला परिवहन कार्यालय, वन विभाग के प्रतिनिधि, उत्पाद अधीक्षक, विद्युत आपूर्ति विभाग के प्रतिनिधि, नगर पंचायत खूँटी के प्रतिनिधि, अग्रणी जिला प्रबंधक बैंक ऑफ इंडिया, बीएसएनएल तथा श्रम विभाग के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में विद्वान अध्यक्ष महोदय ने सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को राष्ट्रीय लोक अदालत के उद्देश्यों एवं महत्त्व से अवगत कराते हुए अधिकतम सुयोग्य वादों के निष्पादन के लिए समुचित एवं समयबद्ध कार्रवाई करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि लोक अदालत वादकारी जनता को विवादों के सौहार्दपूर्ण, त्वरित एवं व्ययरहित निपटारे का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है। सुयोग्य वादों की पूर्व-चिह्नितीकरण कर उन्हें प्रभावी निष्पादन के लिए पीठों के समक्ष प्रस्तुत करना सभी संबंधित विभागों का सामूहिक दायित्व है।
अध्यक्ष महोदय ने विशेष रूप से उत्पाद विभाग, वन विभाग, विद्युत विभाग एवं मोटरयान अधिनियम से संबंधित मामलों पर जोर देते हुए संबंधित विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया कि लंबित सुयोग्य वादों की सम्यक पहचान की जाए, संबंधित पक्षकारों को समय पर नोटिस की तामिला सुनिश्चित की जाए तथा राष्ट्रीय लोक अदालत के दिन उत्तरदायी पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर पीठों को पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाए, ताकि अधिकतम मामलों का निष्पादन संभव हो सके।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खूँटी की ओर से जिले की आम जनता से अपील की गई है कि वे 12 सितंबर 2026 को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में अपने सुयोग्य लंबित एवं मुकदमा-पूर्व मामलों के सौहार्दपूर्ण निपटारे का लाभ उठाएं। किसी भी सहायता अथवा जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खूँटी के कार्यालय से khuntidlsa@gmail.com पर अथवा व्यवहार न्यायालय परिसर, खूँटी स्थित फ्रंट ऑफिस के माध्यम से संपर्क किया जा सकता है।
(कमलेश बेहरा)
व्यवहार न्यायाधीश (व.ख.)-सह-सचिव,
जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खूँटी
रिपोर्टर : शहीद अंसारी
No Previous Comments found.