प्रारूप मतदाता सूची में 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावा एवं आपत्ति प्राप्त की जाएगी
खूंटी : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत जिले के सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित विशेष शिविरों का जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित ERO, AERO, BLO एवं अन्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने 60-खूँटी विधानसभा क्षेत्र के मुरहू प्रखंड अंतर्गत मतदान केंद्र संख्या 239, 240, 241, 245 एवं 246 तथा 59-तोरपा विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 113 का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं, फॉर्म-6 एवं फॉर्म-8 से संबंधित कार्यों तथा मतदाता सूची के प्रारूप के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके पात्र नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए फॉर्म-6 भरने में आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए। वहीं, जिन परिवारों के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं, वे अपने परिवार के सभी मतदाताओं का नाम एक ही मतदान केंद्र पर स्थानांतरित कराने हेतु फॉर्म-8 भर सकते हैं।
उपायुक्त ने कहा कि 5 अगस्त 2026 को मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन किया जा चुका है। प्रारूप मतदाता सूची में किसी नाम को जोड़ने, संशोधन कराने अथवा अन्य किसी प्रकार की आपत्ति के लिए 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक दावा एवं आपत्ति प्राप्त की जाएगी। पात्र नागरिको से निर्धारित अवधि में संबंधित फॉर्म के माध्यम से अपना दावा अथवा आपत्ति प्राप्त करें। उन्होंने बीएलओ एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करें तथा मतदाताओं को पूरी प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराते हुए आवश्यक सहयोग प्रदान करें। उल्लेखनीय है कि SIR-2026 के तहत 8 एवं 9 अगस्त तथा 22 एवं 23 अगस्त 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविर का आयोजन सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, खूँटी दीपेश कुमारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी ललन कुमार समेत अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर - शहीद अंसारी
No Previous Comments found.