सड़क पर खड़े टैंकर वाहनों के खिलाफ कार्रवाई, ₹45 हजार का चालान
खूंटी - उपायुक्त के निर्देशानुसार जिला परिवहन कार्यालय, खूंटी द्वारा गुरुवार को सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान खूंटी-चाईबासा मार्ग NH-75E पर IOCL अनिगड़ा के समीप अनाधिकृत रूप से सड़क किनारे खड़े टैंकर वाहनों के विरुद्ध चलाया गया।
अभियान के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी, अंचल अधिकारी खूंटी एवं थाना प्रभारी मुरहू ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए सड़क पर अनधिकृत रूप से खड़े टैंकर वाहनों को हटवाया। मार्ग पर इस तरह वाहनों की पार्किंग से सड़क एवं सड़क किनारे की सतह को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ यातायात बाधित होने तथा सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
कार्रवाई के क्रम में IOCL के महाप्रबंधक के साथ बैठक कर डिपो प्रबंधन को भी आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। वहीं, मार्ग को अवरुद्ध करने वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 45 हजार रुपये का चालान किया गया।
अधिकारियों ने सभी वाहन चालकों को सख्त निर्देश दिया कि वे अपने टैंकर वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें। किसी भी परिस्थिति में मुख्य सड़क पर वाहनों की पार्किंग नहीं की जाए।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से जिले में लगातार वाहन जांच एवं सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही सड़क की मरम्मत एवं आवश्यक सुधार के लिए कार्यपालक अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग, पथ प्रमंडल चाईबासा को पत्र भी प्रेषित किया गया है।
रिपोर्टर - शहीद अंसारी
No Previous Comments found.