कीटनाशक पीने से किसान की मौत, परिवार में पसरा मातम
खूंटी : कर्रा प्रखंड अंतर्गत जुरदाग पंचायत के टेमटेमटोली गांव में 50 वर्षीय किसान बसंत हेरेंज की कीटनाशक पीने से मौत हो गयी. घटना के बाद परिवार में मातम छा गया. मां की पहले ही मौत हो चुकी थी. अब पिता के निधन से उनके एक पुत्र और एक पुत्री के सिर से भी पिता का साया उठ गया है.
परिजनों के अनुसार, सोमवार शाम बसंत हेरेंज की बेटी ममता कुमारी बकरी चराकर घर लौटी. घर पहुंचने पर उसने अपने पिता को जमीन पर बेहोशी की हालत में पड़ा देखा. पास में कीटनाशक की एक शीशी भी पड़ी थी. ममता ने तत्काल फोन से इसकी सूचना अपने भाई को दी. इसके बाद परिजन आनन-फानन में बसंत हेरेंज को इलाज के लिए खूंटी सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी.
घटना के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. बसंत हेरेंज ने किस कारण से यह कदम उठाया, इसका पता नहीं चल सका है. परिजन भी आत्महत्या के कारणों से अनभिज्ञ हैं.इधर, खूंटी पुलिस ने सदर अस्पताल में मृतक के पुत्र का फर्द बयान दर्ज करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी
No Previous Comments found.