200 किलो गांजा के साथ पांच आरोपी गिरफ्तार, NCB टीम सभी को रांची ले गई
खूंटी - कर्रा लोधमा पुलिस पिकेट के समीप गुरुवार सुबह वाहन जांच के दौरान कर्रा पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी। टीम ने एक चारपहिया वाहन से करीब 200 किलोग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस ने मौके से वाहन समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, खूंटी पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा के राउरकेला से सिमडेगा और कमडारा होते हुए गांजा लदा एक वाहन कर्रा-लोधमा के रास्ते रांची की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कर्रा थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। इसके बाद कर्रा पुलिस और NCB की टीम ने लोधमा पिकेट के पास संयुक्त रूप से वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान संदिग्ध चारपहिया वाहन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से करीब 200 किलो गांजा बरामद हुआ।
कार्रवाई के बाद NCB रांची की टीम बरामद गांजा, वाहन और गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपियों को अपने साथ रांची स्थित NCB कार्यालय ले गई। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई NCB द्वारा की जा रही है। पुलिस और NCB की इस संयुक्त कार्रवाई से गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क को लेकर भी जांच तेज होने की संभावना है।
रिपोर्टर - शहीद अंसारी
No Previous Comments found.