खूंटी सांसद कालीचरण मुण्डा की अध्यक्षता में DDCMC एवं DISHA की बैठक आयोजित
खूंटी : समाहरणालय सभागार में खूंटी लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण मुण्डा की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (DDCMC एवं DISHA) की बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने सांसद समेत विधायक तोरपा सुदीप गुड़िया, विधायक तमाड़ विकास कुमार मुण्डा सहित जनप्रतिनिधियों एवं समिति सदस्यों का स्वागत किया। बैठक में पूर्व बैठक के निर्देशों के अनुपालन एवं विभिन्न विकास योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। बैठक में JSLPS, कृषि, आत्मा, नाबार्ड, पथ निर्माण, भूमि अधिग्रहण, पेयजल एवं स्वच्छता, जलपथ एवं लघु सिंचाई विभाग की समीक्षा हुई। सेमियालता, लेमन ग्रास एवं अन्य वनोपज आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने, रैयतों को समय पर उचित मुआवजा देने, नल-जल योजनाओं एवं चापाकलों की मरम्मती, तोरपा में पेयजल समस्या के समाधान, नहर-बैराज की साफ-सफाई तथा चेक डैम निर्माण के लिए उपयुक्त स्थल चयन के निर्देश दिए गए। अड़की के राजा बांध के जीर्णोद्धार को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए।
सहकारिता, मत्स्य, विद्युत एवं कृषि विभाग की समीक्षा में धान अधिप्राप्ति के बाद किसानों को भुगतान, लैम्प्स के बेहतर संचालन, 100 मीट्रिक टन गोदाम के गुणवत्तापूर्ण निर्माण, सहकारिता समितियों को सक्रिय रखने, खराब ट्रांसफार्मरों एवं जर्जर तारों की मरम्मती तथा छूटे टोलों में विद्युतीकरण के निर्देश दिए गए। किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज-खाद उपलब्ध कराने एवं दुकानों में रेट चार्ट प्रदर्शित कराने को कहा गया।
शिक्षा, पंचायती राज एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में विद्यालयों के भवन, जर्जर भवनों की मरम्मती, चाहरदीवारी एवं शिक्षक व्यवस्था, पंचायत सचिवालयों को क्रियाशील रखने तथा पंचायत स्तर पर प्रमाण पत्र एवं पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए गए। अस्पतालों में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की नियमित उपस्थिति, विद्यालयों में स्वास्थ्य जांच, मलेरिया जांच, सर्पदंश उपचार, आयुष्मान आरोग्य मंदिर के बेहतर संचालन तथा आभा कार्ड एवं संस्थागत प्रसव को लेकर जागरूकता बढ़ाने को कहा गया। NHAI, राजस्व, खेल, कल्याण, नगर पंचायत, परिवहन एवं उत्पाद विभाग की भी समीक्षा हुई। विद्यालयों के आसपास रम्बल स्ट्रिप्स/स्पीड ब्रेकर, सड़क किनारे गड्ढों की मरम्मती, दाखिल-खारिज सहित राजस्व मामलों का समयबद्ध निष्पादन, स्टेडियम निर्माण एवं मरम्मती, सरना-मसना एवं कब्रिस्तान घेराबंदी, शहर की साफ-सफाई एवं नाली व्यवस्था, सड़क सुरक्षा तथा अवैध शराब बिक्री पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
समाज कल्याण, सामाजिक सुरक्षा, श्रम, पशुपालन, भूमि संरक्षण, ग्रामीण कार्य एवं ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल की भी समीक्षा की गई। आंगनबाड़ी केंद्रों के बेहतर संचालन, रिक्त पदों पर नियुक्ति, भवन एवं पेयजल व्यवस्था, मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लंबित मामलों का निराकरण, मजदूरों को सरकारी दर पर भुगतान, पशु टीकाकरण, तालाब, सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए निर्देशों एवं सुझावों का संबंधित पदाधिकारियों द्वारा अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश के धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक समाप्त हुई।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी
No Previous Comments found.