उपायुक्त मो० जावेद हुसैन की अध्यक्षता में जिला खेल एवं पर्यटन समिति की बैठक आयोजित
खूंटी : उपायुक्त मो० जावेद हुसैन की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला खेल एवं पर्यटन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में खेल एवं पर्यटन से संबंधित निर्माणाधीन तथा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। खेल क्षेत्र की समीक्षा के क्रम में रनिया प्रखंड के मौजा बेलसियागढ़ में निर्माणाधीन प्रखंड स्तरीय स्टेडियम का निर्माण कार्य जल्द पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। कामान्त इंडोर स्टेडियम का उद्घाटन कर आवश्यक सदस्यता प्रक्रिया पूर्ण करते हुए इसे शीघ्र आमजनों के लिए शुरू करने को कहा गया। बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम के गैलरी शेड के रेनोवेशन कार्य का स्थल निरीक्षण एवं गुणवत्ता की जांच के उपरांत ही भुगतान की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। वहीं डे-बोर्डिंग प्रशिक्षण केंद्र में वायर फेंसिंग का कार्य शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया। पर्यटन क्षेत्र में पंचघाघ पर्यटन स्थल पर रिपेयरिंग, ब्रिक वर्क, शौचालय एवं कैंटीन भवन से संबंधित कार्यों में अपेक्षित प्रगति लाने का निर्देश दिया गया। उलिहातू पर्यटन स्थल के विभिन्न कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पेरवाघाघ पर्यटन स्थल पर चल रहे कार्यों को सितंबर-अक्टूबर तक पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। बैठक में उपायुक्त ने जिले के पर्यटन स्थलों पर ट्रेकिंग की संभावनाओं को देखते हुए उपयुक्त ट्रेकिंग रूटों को चिह्नित कर आवश्यकतानुसार विकसित करने का निर्देश दिया, ताकि पर्यटन गतिविधियों को और बढ़ावा मिल सके। बैठक में जिला खेल एवं पर्यटन पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी
No Previous Comments found.