SIR के तहत जिले के सभी मतदान केंद्रों पर नोटिस, सुनवाई एवं दस्तावेजों के सत्यापन की कार्रवाई जारी

खूंटी : जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मो० जावेद हुसैन के नेतृत्व में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के अंतर्गत जिले के सभी मतदान केंद्रों पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जा रही है। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है। इसी क्रम में नोटिस एवं सुनवाई की प्रक्रिया, दावा-आपत्तियों के निस्तारण तथा मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

सभी मतदान केंद्रों पर निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) द्वारा प्राप्त दस्तावेजों का निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप सत्यापन किया जा रहा है। इनमें जन्म प्रमाण-पत्र, पासपोर्ट, मैट्रिक अथवा अन्य मान्यता प्राप्त शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, स्थायी निवास प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, वन अधिकार प्रमाण-पत्र, सरकारी कर्मचारी/पेंशनभोगी का पहचान पत्र अथवा PPO, सरकारी/स्थानीय प्राधिकरण/बैंक/डाकघर/LIC/PSU द्वारा जारी प्रमाण-पत्र, परिवार रजिस्टर तथा सरकार द्वारा जारी भूमि/मकान आवंटन संबंधी प्रमाण-पत्र आदि शामिल हैं। दस्तावेजों के सत्यापन के उपरांत पात्र एवं योग्य मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने, आवश्यक सुधार करने तथा दावा-आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण किया जा रहा है। SIR के तहत प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया 14 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने कहा कि SIR के माध्यम से मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने का कार्य किया जा रहा है। सभी संबंधित पदाधिकारी निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्य कर रहे हैं तथा पात्र नागरिकों के दावों का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित किया जा रहा है।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.