नेत्रदान महादान के प्रति लोगों को जागरूक करने की जरूरत सिविल,सर्जनसर्जन डॉ.ललित रंजन पाठक

खूंटी - सदर अस्पताल में 41वें नेत्रदान पखवाड़े का शुभारंभ, जागरूकता रथ रवाना,खूंटी, 31 अगस्त 2026। सदर अस्पताल खूंटी स्थित सिविल सर्जन कार्यालय के सभागार में सोमवार को 41वें नेत्रदान पखवाड़े का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. ललित रंजन पाठक एवं अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रजनी नीलम टोप्पो ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. ललित रंजन पाठक ने कहा कि समाज को अंधेपन की समस्या के प्रति गंभीर होने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय दृष्टिविहीनता सर्वेक्षण के अनुसार कॉर्निया जनित अंधापन अंधेपन के कुल मामलों में लगभग 7.4 प्रतिशत है और इसमें प्रतिवर्ष करीब 20 हजार मामलों की वृद्धि हो रही है, जो चिंताजनक है। उन्होंने उपस्थित स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि नेत्रदान के प्रति व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक लोगों को नेत्रदान के लिए प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अंधापन नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत रिम्स रांची, एमजीएम मेडिकल कॉलेज जमशेदपुर एवं शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज धनबाद में नेत्र अधिकोष स्थापित हैं। उन्होंने सामाजिक संगठनों से भी इस पुनीत पहल में आगे आने की अपील की। साथ ही जिले के इच्छुक लोगों को नेत्रदान की प्रक्रिया की जानकारी के लिए सदर अस्पताल खूंटी के नेत्र विभाग में संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।

जिला नोडल पदाधिकारी सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ.रजनी नीलम टोप्पो ने बताया कि नेत्रदान पखवाड़ा 25 अगस्त से 8 सितंबर 2026 तक जिले के सभी जिला अस्पतालों,सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में मनाया जाएगा। इस दौरान स्वास्थ्यकर्मी,सहिया,बीटीटी एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से लोगों को ‘नेत्रदान महादान’ के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को नेत्रदान के लिए प्रेरित करना, परिवार की सहमति के साथ इसे एक सकारात्मक पारिवारिक परंपरा के रूप में अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना तथा नेत्रदान को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर कर जागरूकता बढ़ाना है।

कार्यक्रम के बाद सिविल सर्जन एवं अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी ने जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार के लिए जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. शोभा किस्पोट्टा, नेत्र सर्जन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक कानन बाला तिर्की, जिला लेखा प्रबंधक विकास सिंह, जिला डाटा प्रबंधक श्वेता सिंह, जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ. उदयन शर्मा, सभी नेत्र सहायक एवं स्वास्थ्यकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रिपोर्टर - शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.