उपायुक्त मो० जावेद हुसैन की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा से संबंधित बैठक संपन्न
खूँटी : समाहरणालय स्थित सभागार में आज उपायुक्त मो० जावेद हुसैन की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा से संबंधित बैठक आयोजित की गई। बैठक में पिछले माह के दौरान जिले में घटित सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने सड़क दुर्घटनाओं के कारणों, मृतकों, दर्ज एफआईआर तथा अब तक की गई जांच एवं कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं के पीछे पाए गए कारणों का गहन विश्लेषण करते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जाएं।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि दुर्घटना संभावित स्थलों पर किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न घटे, इसके लिए पुलिस विभाग, परिवहन विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग (NH), राज्य राजमार्ग (SH), आरसीडी तथा अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर सुरक्षा उपायों को सुदृढ़ बनाएं। उपायुक्त ने कहा कि ब्लाइंड स्पॉट समेत जिन स्थानों पर आवश्यकता है, वहां सड़कों की मरम्मत, रम्बल स्ट्रिप्स, सड़क संकेतक (Signage), स्ट्रीट लाइट, सड़क किनारे झाड़ियों की नियमित कटाई एवं अन्य सुरक्षा प्रावधानों को शीघ्र सुनिश्चित किया जाए। साथ ही संबंधित थाना एवं जिला परिवहन विभाग नियमित रूप से जागरूकता अभियान चलाकर दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट के अनिवार्य उपयोग सहित सभी यातायात नियमों का अनुपालन सुनिश्चित कराएं।
उपायुक्त ने मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) को नियमित रूप से हेलमेट जांच अभियान चलाने, मोडिफाइड मोटरसाइकिल की जांच कर कार्रवाई करने, हेलमेट के उपयोग के प्रति आमजनों को जागरूक करने तथा ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से ड्रिंक एंड ड्राइव की नियमित जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ओवर स्पीडिंग, लापरवाह वाहन संचालन, ओवरलोडिंग एवं अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध सघन वाहन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए।
बैठक में हिट एंड रन से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि ऐसे मामलों का त्वरित निष्पादन किया जाए तथा सभी लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि हिट एंड रन मामलों में घायल व्यक्तियों अथवा मृतक के आश्रितों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर मुआवजा राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी पात्र लाभार्थी का भुगतान लंबित न रहे।
साथ ही उपायुक्त ने गुड सेमेरिटन (राहवीर) योजना के तहत सड़क दुर्घटना पीड़ितों की सहायता करने वाले व्यक्तियों को प्रोत्साहन राशि एवं सम्मान प्रदान किए जाने की प्रक्रिया को सक्रिय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले राहवीरों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए उनके प्रति संवेदनशील एवं प्रोत्साहनात्मक दृष्टिकोण अपनाया जाए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग, अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी, एसडीपीओ मुख्यालय, जिला परिवहन पदाधिकारी, मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई), सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंता, कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत, सभी थाना प्रभारी समेत अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
रिपोर्टर - शहीद अंसारी
No Previous Comments found.