खूंटी विधायक रामसूर्या मुंडा ने सड़क निर्माण कार्य का किया निरीक्षण, ग्रामीणों से ली शिकायतों की जानकारी
खूंटी : विधायक रामसूर्या मुंडा ने बुधवार को कर्रा प्रखंड क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने कर्रा मिशन चौक से एफसीआई गोदाम, मदुगामा तक एवं कर्रा-बिरदा मुख्य सड़क से कुदा टंगरा टोली तक निर्मित सड़क का जायजा लिया. विधायक ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता और कार्य की स्थिति को मौके पर पहुंचकर देखा. निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य से जुड़ी विभिन्न शिकायतों और समस्याओं से विधायक को अवगत कराया. ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर अपनी चिंताएं भी रखीं. विधायक ने ग्रामीणों की बातों को गंभीरता से सुना और निर्माण कार्य से संबंधित आवश्यक जानकारी ली. राम सूर्या मुंडा ने कहा कि सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और आवागमन के लिए महत्वपूर्ण हैं. निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए. उन्होंने संबंधित लोगों से निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने की बात कही.
विधायक ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों और समस्याओं को संबंधित विभाग के समक्ष रखा जाएगा तथा आवश्यक कार्रवाई के लिए पहल की जाएगी. इस मौके पर झामुमो अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष शेख फिरोज सहित झामुमो के अन्य कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी
No Previous Comments found.