खूंटी कर्रा छात्रों में पढ़ने की आदत डालना जरूरी : स्मिता नगेशिया कर्रा बीडीओ।

खूंटी : स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की ओर से विद्यार्थियों में पुस्तक पढ़ने की आदत विकसित करने के उद्देश्य से झारखंड पठन-पाठन अभियान-2026 की शुरुआत की गई है। राज्य परियोजना निदेशक द्वारा 15 अगस्त 2026 को शुरू किए गए इस अभियान के तहत ‘मेरे शब्द, मेरी कहानी’ नाम से प्रचार अभियान चलाया जा रहा है। कर्रा प्रखंड में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत स्वयंसेवी संस्था प्रतिज्ञा के सचिव चंदन कुमार ने की। उन्होंने अभियान के उद्देश्य और महत्व की जानकारी दी। प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी मनमोहन साहू ने बताया कि नई शिक्षा नीति-2020 के तहत निपुण भारत मिशन का उद्देश्य बच्चों में पठन-पाठन की आदत और साक्षरता कौशल को विकसित करना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों में मोबाइल की आदत बढ़ रही है। इसे कम करने तथा विद्यार्थियों को पुस्तकों से जोड़ने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि अभियान 19 सितंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान जिला परिषद उपाध्यक्ष मंजू देवी, लोधमा पंचायत की मुखिया मंजुला उरांव, प्रखंड विकास पदाधिकारी स्मिता नगेशिया एवं प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी विद्या लक्ष्मी ने संयुक्त रूप से प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर बीडीओ स्मिता नगेशिया ने कहानी की पुस्तक पढ़कर विद्यार्थियों को सुनाई। उन्होंने पुस्तक पढ़ने के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जब तक बच्चों में किताब पढ़ने की आदत विकसित नहीं होगी, तब तक वर्तनी की शुद्धता में सुधार संभव नहीं है। इसके लिए विद्यार्थियों को प्रतिदिन पुस्तक पढ़ने की आदत डालनी चाहिए।
जिला परिषद उपाध्यक्ष मंजू देवी ने कहा कि प्रचार वाहन प्रखंड के सभी विद्यालयों में जाकर विद्यार्थियों को पुस्तक पढ़ने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने बताया कि विद्यालयों में कहानी की पुस्तकें और ‘पंख’ पत्रिका उपलब्ध हैं। विद्यालय स्तर पर रीडिंग कॉर्नर बनाकर सभी विद्यार्थियों को नियमित रूप से पुस्तक पढ़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पढ़ने की आदत विकसित होने से ही बच्चे आगे बढ़ सकते हैं।
मुखिया मंजुला उरांव ने कहा कि बच्चों को नियमित रूप से पढ़ने की आदत डालनी चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि बच्चे प्रतिदिन घर में कम से कम एक घंटा पुस्तक पढ़ें। तभी इस अभियान को सफल बनाया जा सकेगा।
कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के प्रखंड साधन सेवी, संकुल साधन सेवी, समावेशी शिक्षा के साधन सेवी, लेखापाल पवन कुमार कश्यप एवं रीना कुमारी समेत अन्य कर्मी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.