खूंटी सदर अस्पताल का निरीक्षण कर उपायुक्त ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के दिए निर्देश
खूंटी : उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने शनिवार को सदर अस्पताल खूंटी का निरीक्षण कर विभिन्न वार्डों एवं स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, अस्पताल में साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता तथा विभिन्न व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने इमरजेंसी वार्ड, प्रसव कक्ष, ऑपरेशन कक्ष, SNCU, ICU, OPD, ENT, NCD, जांच घर, मातृ-शिशु अस्पताल, दवा वितरण केंद्र, मरीज रजिस्ट्रेशन काउंटर एवं चिकित्सक कक्ष समेत विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने वार्डों के संचालन, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति तथा मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी वार्डों का संचालन सुचारू रूप से हो और मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए। दवाओं के स्टॉक की समीक्षा करते हुए उन्होंने आवश्यक एवं अधिक खपत वाली दवाओं का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने को कहा। अस्पताल परिसर और शौचालयों की नियमित साफ-सफाई, मेडिकल वेस्ट के उचित प्रबंधन, पेयजल तथा मरीजों के परिजनों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
उन्होंने अस्पताल के विभिन्न स्थानों पर साइनेज बोर्ड लगाने पर जोर देते हुए कहा कि मरीजों एवं उनके परिजनों को विभागों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। चिकित्सकों, एएनएम, जेएनएम एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की रोस्टर के अनुसार उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ मरीजों की सेवा करने का निर्देश दिया।
ICU के बेहतर संचालन और PSA प्लांट शुरू करने पर जोर
उपायुक्त ने ICU के बेहतर संचालन एवं उपलब्ध संसाधनों के समुचित उपयोग पर विशेष जोर दिया। उन्होंने PSA प्लांट को शीघ्र चालू कराने की दिशा में आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के लिए सिविल सर्जन एवं संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अस्पताल में इलाजरत मरीजों से भी मुलाकात की और उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, भोजन आदि के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने मरीजों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जांच घर में रेट चार्ट लगाने का निर्देश
लैब संचालन की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने जांच घर के बाहर सभी जांचों की दरों का स्पष्ट रेट चार्ट प्रदर्शित करने का निर्देश दिया। मरीजों को सैंपल देने के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े, इसके लिए अतिरिक्त कलेक्शन सेंटर की व्यवस्था पर भी विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण जांच, सही तरीके से सैंपल कलेक्शन और समय पर जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
सदर अस्पताल स्थित डीपीएच लैब में राशनकार्डधारी एवं बीपीएल परिवारों के लिए विभिन्न जांच सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध हैं। अस्पताल में 80 से अधिक प्रकार की जांच की सुविधा उपलब्ध है। इनमें बायोकेमिस्ट्री, हेमेटोलॉजी, सीरोलॉजी, हार्मोनल टेस्ट एवं यूरिन जांच सहित कई महत्वपूर्ण जांच शामिल हैं। निशुल्क जांच में लीवर एवं किडनी फंक्शन टेस्ट, ब्लड शुगर, लिपिड प्रोफाइल, CBC, प्लेटलेट काउंट, डेंगू, मलेरिया, HIV, थायरॉइड प्रोफाइल, विटामिन B12, विटामिन D, प्रेगनेंसी टेस्ट, यूरिन रूटीन एवं ब्लड ग्रुपिंग समेत अन्य जांच शामिल हैं।
निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने सिविल सर्जन, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें अस्पताल संचालन, दवा वितरण, उपलब्ध संसाधनों, आवश्यकताओं एवं विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मौके पर सिविल सर्जन डॉ. ललित रंजन पाठक, उपाधीक्षक, अस्पताल प्रबंधक, डीडीएम, डीपीसी समेत अन्य पदाधिकारी एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी
No Previous Comments found.