सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर जिला कांग्रेस कमिटी ने जताया गहरा शोक।

खूंटी - झारखंड सरकार के नगर विकास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा,पर्यटन,कला-संस्कृति तथा खेलकूद मामलों के मंत्री सुदिव्य कुमार ‘सोनू’ के शनिवार देर रात दिल का दौरा पड़ने से हुए आकस्मिक निधन पर खूंटी जिला कांग्रेस कमिटी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। कांग्रेस कमिटी ने उनके निधन को अत्यंत दुखद, हृदयविदारक और झारखंड के राजनीतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि मिश्रा ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू झारखंड मुक्ति मोर्चा के समर्पित और निष्ठावान नेता होने के साथ गठबंधन सरकार के कुशल, बौद्धिक, दूरदर्शी और संवेदनशील राजनेता थे। छात्र हितों, युवाओं के अधिकारों, शहरी विकास और राज्य के पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए उनके योगदान और संघर्ष को सदैव याद किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सुदिव्य सोनू का असमय निधन राज्य के लिए ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है। गठबंधन सरकार के मजबूत स्तंभ के रूप में उनका अचानक चले जाना सभी को मर्माहत कर गया है। जिला कांग्रेस कमिटी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और सदस्यों ने शोक संतप्त परिवार, समर्थकों तथा झामुमो परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान देने तथा परिजनों को इस कठिन घड़ी में दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

रिपोर्टर - रवि मिश्रा
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.