बड़ानी गांव के जोजोऊली और तुम्बाऊली टोला में आज भी अंधेरे में जीने को मजबूर ग्रामीण : विलसन तोपनो

खूंटी :  अड़की प्रखंड अंतर्गत तोरांग पंचायत के बड़ानी गांव के जोजोऊली एवं तुम्बाऊली टोला के ग्रामीण आज भी बिजली जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित हैं। बिजली की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने बैठक आयोजित कर अपनी समस्याएं आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि, खूंटी विलसन तोपनो के समक्ष रखीं।

ग्रामीणों ने बताया कि बड़ानी से बीरंबाकी जाने वाले मुख्य मार्ग से गांव की दूरी महज 100 से 200 मीटर है। इसके बावजूद वर्षों बीत जाने के बाद भी गांव में बिजली नहीं पहुंच सकी है। ग्रामीणों के अनुसार, कुछ वर्ष पहले मुख्य सड़क से लोहे के बिजली पोल और तार लगाए गए थे, लेकिन इसका लाभ गांव के लोगों को नहीं मिल पाया। कुछ महीने पूर्व पुनः सीमेंट के पोल एवं नए बिजली तार लगाए गए, लेकिन इस बार भी पूरे गांव में एक भी बिजली पोल नहीं लगाया गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि बिजली के अभाव में सबसे अधिक परेशानी बच्चों को हो रही है। शाम होते ही गांव में अंधेरा छा जाता है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कई बार उम्मीद जगी, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्य सड़क पर हाल में खींचे गए बिजली के तार कई स्थानों पर टूटे हुए पड़े हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से अब तक इसकी सुध नहीं ली गई है। ग्रामीणों ने इसे विभागीय लापरवाही बताते हुए जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने आवास योजना का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि सैकड़ों की आबादी वाले गांव के लोगों ने आवास योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन किया है, लेकिन अब तक किसी भी जरूरतमंद को योजना का लाभ नहीं मिल सका है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पात्र लाभुकों को जल्द आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की।
मौके पर विलसन तोपनो ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कहा कि गांव में बिजली जैसी मूलभूत सुविधा का अब तक नहीं पहुंचना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वे इस मामले को अविलंब खूंटी सांसद कालीचरण मुंडा एवं संबंधित विभाग के वरीय अधिकारियों के समक्ष रखेंगे। साथ ही, उन्होंने जल्द से जल्द गांव में बिजली व्यवस्था बहाल कराने के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।
बैठक में अड़की प्रखंड आदिवासी कांग्रेस के सुरेंद्र नाथ मुंडा, अर्पण नाग, ईसाक मुंडा, जीवन मुंडा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.