गेरदा पोस्ट ऑफिस की घटना को लेकर पीड़ित ग्रामीणों से मिले विधायक सुदीप गुड़िया
खूंटी : तोरपा विधानसभा क्षेत्र के बानो प्रखंड अंतर्गत गेरदा पोस्ट ऑफिस में हुई घटना को लेकर तोरपा विधायक श्री सुदीप गुड़िया आज गेरदा गांव पहुंचे और पीड़ित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को विस्तारपूर्वक सुना। घटना की जानकारी विधायक को सोशल मीडिया के माध्यम से मिली थी, जिसके बाद उन्होंने स्वयं गांव पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली।
इस दौरान पीड़ित ग्रामीणों ने पोस्ट ऑफिस में जमा अपनी राशि एवं जमापूंजी से जुड़ी समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा। ग्रामीणों ने अपनी मेहनत की कमाई को लेकर चिंता जाहिर की और अपनी जमा राशि वापस दिलाने की मांग की।
विधायक सुदीप गुड़िया ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि ग्रामीणों की मेहनत की कमाई और उनकी जमापूंजी उनके अधिकार का विषय है। किसी भी पीड़ित को उसके हक से वंचित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही पोस्ट ऑफिस के उच्च अधिकारियों से मुलाकात कर पूरे मामले को मजबूती के साथ उनके समक्ष रखा जाएगा, ताकि पीड़ितों को उनकी राशि जल्द से जल्द वापस मिल सके।
विधायक ने कहा कि गरीब, किसान और आम ग्रामीण अपनी छोटी-छोटी बचत से अपने परिवार का भविष्य सुरक्षित करते हैं। उनकी वर्षों की मेहनत की कमाई से जुड़ा यह मामला बेहद गंभीर है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ितों को उनका हक दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों से लगातार समन्वय किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर हर उचित स्तर पर आवाज उठाई जाएगी।
श्री गुड़िया ने कहा कि जनता के सुख-दुख में साथ खड़ा रहना जनप्रतिनिधि का दायित्व है। गेरदा के पीड़ित ग्रामीण स्वयं को अकेला न समझें। उनकी समस्या हमारी भी समस्या है और उनके हक की लड़ाई में हम पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़े हैं।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि जगदीश बागे, उपाध्यक्ष तनवीर हुसैन, उपाध्यक्ष तुरतन गुड़िया, जमताई अध्यक्ष जोलेन जोजो, रायकेरा अध्यक्ष जासुवा कुडू, पूर्व मुखिया प्रधान लुगुन, ग्राम सभा अध्यक्ष मर्यानुस कंडुलना, मिस्टर मियां, जीबराईल मियां, डॉ. तैयब, धनंजय कुमार, मो. नुरुल मियां, नईम खान, सुलेमान बरला, कामिल डांग सहित अन्य साथी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी
No Previous Comments found.