खूंटी विधायक रामसूर्या मुंडा ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला, कुलीपीड़ी में हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन

खूंटी : मुरहू प्रखंड अंतर्गत कुलीपीड़ी गांव में स्वामी विवेकानंद सेवा संघ, मुरहू प्रखंड के तत्वावधान में हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 12 गांवों से आए सेवा संघ के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यक्रम में खूंटी विधायक रामसूर्या मुंडा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर रामकृष्ण मिशन आश्रम, मोराबादी के स्वामी भक्तिशानंद जी महाराज, स्थानीय मुखिया सुखराम सरूकद, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सालन ओड़ेया, कुवारसिंह मुंडरी, बंटी ओड़िया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि विधायक रामसूर्या मुंडा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल को केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ आगे बढ़कर राज्य और देश के लिए खेलना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है कि इन प्रतिभाओं को उचित प्रशिक्षण और बेहतर अवसर उपलब्ध कराया जाए।

वहीं मुखिया सुखराम सरूकद ने कहा कि क्षेत्र के युवा जिस उत्साह के साथ खेलों में रुचि ले रहे हैं, वह सराहनीय है। युवाओं को खेल प्रतियोगिताओं के साथ-साथ नियमित प्रशिक्षण में भी भाग लेना चाहिए, ताकि उनकी प्रतिभा निखरे और वे अपने हुनर को रोजगार एवं आय का साधन बना सकें। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को स्वस्थ रखने के साथ-साथ उन्हें बेहतर भविष्य की दिशा भी प्रदान करता है।आयोजन के दौरान खिलाड़ियों के साथ-साथ ग्रामीणों और खेलप्रेमियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता ने क्षेत्र के युवाओं में खेल के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.