प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, गोविंदपुर में आयोजित हुआ ‘स्वास्थ्य आपके द्वार’ स्वास्थ्य शिविर
खूंटी : उपायुक्त मो० जावेद हुसैन के निर्देशानुसार सुदूरवर्ती एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से ‘स्वास्थ्य आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत आज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, गोविंदपुर में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में गोविंदपुर एवं आसपास के क्षेत्रों से काफी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा ग्रामीणों को चिकित्सा परामर्श एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई। साथ ही दंत चिकित्सा, नेत्र चिकित्सा सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गई। टीकाकरण, प्रसव पूर्व जांच, टीबी, मलेरिया, कुष्ठ, एनसीडी एवं सिकल सेल सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रदान की गईं। जरूरतमंद लोगों के बीच आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया। शिविर में के एस गंगा, देवनिका एवं हंस फाउंडेशन के भी चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दी।
शिविर में आभा कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा भी उपलब्ध रही। स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श के लिए ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखा गया।
इसी क्रम में आयोजित रक्तदान शिविर में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया। रक्तदाताओं ने रक्तदान को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी बताते हुए अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने कहा कि ‘स्वास्थ्य आपके द्वार’ कार्यक्रम का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाना है, ताकि ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़े। जिला प्रशासन द्वारा नियमित रूप से इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर आमजनों को सुगम एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी
No Previous Comments found.