बिरसा कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय रग्बी खिलाड़ी अजीत नाग का भव्य स्वागत
खूंटी : बिरसा कॉलेज, खूंटी में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले कॉलेज के छात्र एवं प्रतिभाशाली रग्बी खिलाड़ी अजीत नाग का भव्य स्वागत किया गया। अजीत नाग बिरसा कॉलेज के अंग्रेजी ऑनर्स के विद्यार्थी हैं। उन्होंने चीन में आयोजित एशिया कप अंडर-18 रग्बी प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर कॉलेज के साथ-साथ खूंटी और झारखंड का नाम गौरवान्वित किया है। अजीत नाग इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर की रग्बी प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना उनकी खेल प्रतिभा, मेहनत और समर्पण को दर्शाता है। उनकी इस उपलब्धि से बिरसा कॉलेज के छात्र-छात्राओं में भी उत्साह और गर्व का माहौल है। कॉलेज परिसर में आयोजित स्वागत समारोह में प्रभारी प्राचार्या डॉ. पुष्पा सुरीन ने अजीत नाग, उनके कोच एजाज सर तथा अभिषेक टूटी का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्राचार्या ने अजीत नाग को उनकी उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी देश के लिए बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन कॉलेज के खेल प्रभारी राज कुमार गुप्ता ने किया। उन्होंने कहा कि अजीत नाग की उपलब्धि बिरसा कॉलेज के लिए गौरव का विषय है और उनकी सफलता कॉलेज के अन्य विद्यार्थियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। मौके पर पूनम माई टीयू, डॉ. अभिषेक कुमार, सुनीता टोप्पो, विजय प्रधान, प्रकाश प्रमाणिक सहित कॉलेज के शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने तालियों के साथ अजीत नाग का उत्साहवर्धन किया और उनकी उपलब्धि पर खुशी व्यक्त की।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी
No Previous Comments found.