न्यायालय परिसर से एलईडी जागरूकता वाहन रवाना, मध्यस्थता अभियान का संदेश
खूंटी : राष्ट्रव्यापी अभियान “Mediation for the Nation 3.0” के तहत वैकल्पिक विवाद समाधान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को न्यायालय परिसर, खूंटी से एलईडी जागरूकता वाहन रवाना किया गया। माननीय झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खूंटी को उपलब्ध कराए गए इस वाहन को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खूंटी रसिकेश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह एलईडी जागरूकता वाहन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर माननीय सर्वोच्च न्यायालय की मध्यस्थता एवं सुलह परियोजना समिति (MCPC) द्वारा शुरू किए गए “Mediation for the Nation 3.0 – राष्ट्र के लिए मध्यस्थता 3.0” अभियान का संदेश आम लोगों तक पहुंचाएगा।
अभियान के माध्यम से लोगों को मध्यस्थता के लाभों के बारे में जानकारी दी जाएगी। इनमें त्वरित समाधान, निःशुल्क प्रक्रिया, गोपनीयता, आपसी संबंधों का संरक्षण, स्थायी समाधान तथा न्याय तक सुगम पहुंच प्रमुख हैं। एलईडी वाहन के माध्यम से दृश्य-श्रव्य सामग्री का प्रदर्शन कर लंबित मामलों के पक्षकारों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खूंटी के मध्यस्थता केंद्र की सुविधा का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अभियान के तहत मध्यस्थता योग्य मामलों की पहचान एवं न्यायालय द्वारा संदर्भित करने की प्रक्रिया 1 अगस्त 2026 से 30 सितंबर 2026 तक की जा रही है। वहीं 1 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक पक्षकारों की सुविधा के लिए सप्ताह के सातों दिन ऑफलाइन, ऑनलाइन एवं हाइब्रिड मोड में मध्यस्थता के प्रयास किए जाएंगे।
अभियान में वैवाहिक विवाद, घरेलू हिंसा अधिनियम एवं धारा 498ए आईपीसी/धारा 85 बीएनएस से संबंधित मामले, मोटर वाहन दुर्घटना दावा, चेक बाउंस, शमनीय आपराधिक मामले, उपभोक्ता विवाद, ऋण वसूली एवं SARFAESI मामले, निष्पादन कार्यवाही, पंचाट (Arbitration), वाणिज्यिक विवाद, सेवा संबंधी मामले, विभाजन, बेदखली, भूमि अधिग्रहण, श्रम अधिनियम से संबंधित मामले सहित अन्य उपयुक्त दीवानी मामलों को शामिल किया गया है।
इस अवसर पर बार एसोसिएशन, खूंटी के अध्यक्ष, अधिवक्तागण, पैनल अधिवक्ता, सूचीबद्ध मध्यस्थ, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव कमलेश बेहरा सहित न्यायालय कर्मी उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने जागरूकता अभियान की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खूंटी के अध्यक्ष रसिकेश कुमार ने आमजन से अपील की कि वे अपने लंबित विवादों के सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए इस अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। निःशुल्क विधिक सहायता एवं अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खूंटी अथवा नालसा टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क किया जा सकता है।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी
No Previous Comments found.