उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने नगर पंचायत खूँटी अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश

खूँटी : समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त मो० जावेद हुसैन की अध्यक्षता में नगर पंचायत खूँटी अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर क्षेत्र में नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं, अधोसंरचना विकास, राजस्व संग्रहण, स्वच्छता व्यवस्था तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। ㅤ

समीक्षा के दौरान नगर क्षेत्र के कुल हाउसहोल्ड, पेयजल आपूर्ति कनेक्शन, अर्बन वाटर सप्लाई योजना की स्थिति, होल्डिंग टैक्स एवं अन्य राजस्व संग्रह, साफ-सफाई व्यवस्था, नगर भवन निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत आवास निर्माण की प्रगति सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति, बस स्टैंड के संचालन तथा अन्य विकास कार्यों की जानकारी ली गई। ㅤ

राजस्व संग्रहण की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने होल्डिंग टैक्स एवं अन्य मदों में राजस्व संग्रहण बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को राजस्व संग्रहण की नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण सुनिश्चित करने को कहा। उपायुक्त ने अर्बन वाटर सप्लाई योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं सुचारू बनाने के निर्देश दिए। 

बैठक में नगर क्षेत्र में अतिक्रमण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अतिक्रमण के विरुद्ध नियमित अभियान चलाकर आवश्यक कार्रवाई करने तथा नगर क्षेत्र की सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमणमुक्त रखने के निर्देश दिए। ㅤ

बस स्टैंड के संचालन की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत एवं क्षेत्र के थाना प्रभारी को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए नए बस स्टैंड का शत-प्रतिशत संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी वाहनों एवं बसों का अनिवार्य रूप से निर्धारित नए बस स्टैंड पर ही पड़ाव सुनिश्चित कराने तथा अवैध पार्किंग के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि यातायात व्यवस्था सुव्यवस्थित रहे एवं आम नागरिकों को बेहतर सुविधा मिल सके। ㅤ

बाजार टांड़ क्षेत्र में सड़कों के किनारे लगने वाले वेंडर मार्केट की स्थिति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने वेंडरों के लिए उपयुक्त वैकल्पिक स्थान चिन्हित कर उन्हें व्यवस्थित रूप से शिफ्ट करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ㅤ

बैठक में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने नगर क्षेत्र में नियमित रूप से कचरा उठाव सुनिश्चित करने, कचरे के उचित प्रबंधन एवं प्रोसेसिंग की व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा इस कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। ㅤ

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि कचरा प्रबंधन एवं प्रोसेसिंग के पश्चात संबंधित क्षेत्र को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखते हुए वहां वृक्षारोपण कराया जाए तथा उसे ग्रीन क्षेत्र के रूप में विकसित करने की दिशा में आवश्यक कार्य किया जाए। ㅤ

बैठक में नगर पंचायत द्वारा संचालित अन्य विकास योजनाओं एवं जनहित से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित अनुश्रवण तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ㅤ

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी  दीपेश कुमारी, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत खूँटी, सिटी मैनेजर, जुडको प्रतिनिधि, सभी सहायक अभियंता (एई), कनीय अभियंता (जेई) एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.