विद्यालय परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन

खूंटी - डीएवी पब्लिक स्कूल, खूंटी में रक्त अधिकोष, सदर अस्पताल, खूंटी के तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग प्रदान करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ सिविल सर्जन श्री ललित रंजन पाठक, उपाधीक्षक डॉ. आनंद किशोर उरांव, डॉ. सुषमा कुमारी तथा विद्यालय के प्राचार्य श्री मनोजेश्वर कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर सिविल सर्जन श्री ललित रंजन पाठक ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान एक महान सामाजिक एवं मानवीय कार्य है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

रक्तदान शिविर में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं श्री विकास रंजन, श्री पवन कुमार सिंह, श्री उमाकांत नंदा, श्री एस.आर.आर. मिश्रा, श्री अंशु सिंह, श्री राकेश कुमार, श्रीमती सुमिता कुमारी, श्रीमती देविता सिंह आदि ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। इसके अतिरिक्त विद्यालय के शिक्षक, गैर-शिक्षकेतर कर्मचारियों एवं अभिभावकों ने भी रक्तदान कर इस पुनीत कार्य में अपना योगदान दिया। शिविर में कुल 14 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। विद्यालय के प्राचार्य श्री मनोजेश्वर कुमार ने सदर अस्पताल की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान मानव सेवा का उत्कृष्ट माध्यम है और इस प्रकार के शिविर समाज में जागरूकता उत्पन्न करने के साथ-साथ जरूरतमंदों की सहायता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

पूरे रक्तदान शिविर का आयोजन कुशल चिकित्सकों, अस्पताल के कर्मचारी श्री निशांत झा तथा नर्सों की निगरानी में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का सफल संयोजन विद्यालय के खेल एवं शारीरिक शिक्षक श्री मृत्युंजय कुमार सिंह ने किया। विद्यालय परिवार ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकों, अस्पताल कर्मियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।

रिपोर्टर - शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.