खूंटी सदर अस्पताल में मानसिक स्वास्थ्य एवं विधिक अधिकारों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम
खूंटी : झालसा, रांची के निर्देशन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खूंटी के अध्यक्ष-सह-प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रसिकेश कुमार के मार्गदर्शन में सदर अस्पताल, खूंटी में मानसिक स्वास्थ्य एवं विधिक अधिकारों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे व्यक्तियों को उनके विधिक अधिकारों, सम्मानजनक व्यवहार, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराना था। कार्यक्रम के दौरान मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित मरीजों एवं उनके परिजनों को बताया गया कि मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या से प्रभावित व्यक्ति भी अन्य नागरिकों की तरह अपने अधिकारों के हकदार हैं। आवश्यकता पड़ने पर वे जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
इस अवसर पर एलएडीसी चीफ राजीव कमल ने मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित व्यक्तियों के अधिकारों एवं उन्हें उपलब्ध विधिक सहायता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या से प्रभावित व्यक्तियों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाना चाहिए। उनके अधिकारों की रक्षा के लिए विधिक सेवा संस्थाएं सहयोग के लिए सदैव तत्पर हैं।
कार्यक्रम में डॉ. रिचर्डसन सोय, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के पीएलवी, सदर अस्पताल की नर्स सहित लगभग 40 से 50 मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित मरीज एवं उनके परिजन उपस्थित रहे। इस दौरान उपस्थित मरीजों एवं उनके परिजनों को विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी दी गई।
इसके अलावा टपकारा पंचायत में भी मानसिक स्वास्थ्य एवं विधिक अधिकारों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित समस्याओं के प्रति जागरूक करते हुए उनके विधिक अधिकारों की जानकारी दी गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से बताया गया कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक न्याय एवं विधिक सहायता की पहुंच सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित व्यक्तियों को भी समान अधिकार एवं सम्मान मिलना चाहिए। ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आम लोगों को उनके विधिक अधिकारों के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी
No Previous Comments found.