देशी हथियार के साथ लेवी वसूलने वाला गिरफ्तार
खूँटी : खूँटी जिले में रनिया थाना पुलिस ने लेवी मांगने के लिए हथियार लेकर घूमने की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से कोटांगेर से गरई रोड की ओर हथियार लेकर जा रहा है। सूचना के सत्यापन के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, तोरपा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध युवक को पकड़ा।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी रिवॉल्वर, दो जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक, बरामद मोबाइल में ‘जंगी’ एप्लीकेशन डाउनलोड मिला है। पुलिस का कहना है कि इस एप्लीकेशन का उपयोग PLFI संगठन के सदस्यों द्वारा किया जाता है। गिरफ्तार युवक की पहचान बजेन्द्र महतो, उम्र करीब 21 वर्ष, ग्राम निधिया, थाना जरियागढ़, जिला खूँटी के रूप में हुई है।
इस मामले में रनिया थाना कांड संख्या 32/26, दिनांक 19 सितंबर 2026 को धारा 25(1-B)(a), 26/35 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की है। मामले में पुलिस का अनुसंधान जारी है।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी
No Previous Comments found.