कर्रा हाईस्कूल मैदान में करमा पूर्व संध्या समारोह, विधायक रामसूर्या मुंडा हुए शामिल
खूँटी : कर्रा प्रखंड के कर्रा चौक स्थित हाईस्कूल मैदान में करमा पूर्व संध्या समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में खूंटी विधायक रामसूर्या मुंडा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
समारोह में विभिन्न नृत्य मंडलियों ने पारंपरिक नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य से पूरा वातावरण करम पर्व के उल्लास और रंग में सराबोर रहा। उपस्थित लोगों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया।
मुख्य अतिथि विधायक रामसूर्या मुंडा ने सभी को करमा पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि करमा पर्व आदिवासी समाज की समृद्ध परंपरा, संस्कृति, प्रकृति के प्रति आस्था और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों से हमारी परंपराओं को जीवंत रखने के साथ युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जुड़ने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि समाज की पारंपरिक संस्कृति और विरासत को संरक्षित रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। करमा पर्व भाईचारे, प्रकृति के सम्मान और सामाजिक सद्भाव का संदेश देता है।
इस अवसर पर युवा नेता राहुल केशरी, मुखिया अनूप कुजूर, फिरोज खान सहित अन्य जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम में शामिल नृत्य मंडलियों ने अपनी पारंपरिक प्रस्तुतियों से समारोह में विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी
No Previous Comments found.