इंदी बुरु वार्षिक समारोह में उमड़ा जनसैलाब, विधायक रामसूर्या मुंडा हुए शामिल

खूँटी :  प्रखंड अंतर्गत पंचायत इंदीपीड़ी के सांडीगांव में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी इंदी बुरु/इंदी बोंगा/इंदी रकब वार्षिक समारोह का आयोजन श्रद्धा और पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ किया गया। कार्यक्रम में खूंटी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामसूर्या मुंडा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इंदी बुरु मुंडा समाज की ऐतिहासिक विरासत, आस्था और पुरखों की स्मृति से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल माना जाता है। मान्यता के अनुसार इसका संबंध पुरखा राजा मदरा मुंडा के समय से जुड़ा हुआ है। मदरा मुंडा के वंशजों और उनके ऐतिहासिक योगदान की स्मृति में आयोजित यह समारोह समाज की संस्कृति और परंपरा को आगे बढ़ाने का माध्यम बना हुआ है।

समारोह के दौरान पारंपरिक पूजा-अर्चना, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हॉकी टूर्नामेंट का भी आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में आसपास के गांवों से ग्रामीण, युवा और समाज के लोग समारोह में शामिल हुए।

इस अवसर पर विधायक रामसूर्या मुंडा ने इंदी बुरु की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्ता को रेखांकित करते हुए कहा कि पुरखों की विरासत और परंपराओं को संरक्षित रखना आने वाली पीढ़ियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं को खेल और संस्कृति से जोड़ने पर भी जोर दिया।

समारोह में पंचायत एवं आसपास के गांवों के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा, खेलप्रेमी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.